फोर्ट घूमने गये परिवार को बस ने मारी टक्कर, महिला बच्चों समेत 4 घायल

ग्वालियर. फोर्ट घूमने जा रहे एक परिवार उस समय घटना का शिकार हो गया जब तेज रफ्तार से आ रहे बस के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए परिवार को टक्कर मार दी। इस घटना में 4 मासूम बच्चों समेत एक महिला घायल हुई है। घटना बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के उरवाई गेट स्थित किले की खड़ी चढ़ाई है। घटना का पता चलते ही वहां पर मौजूद लोग मदद को आये और घायल बच्चों व महिला को उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां पर सभी की हालत गंभीर है औरे सभी का उपचार चल रहा है। लेकिन घटना के समय एक बालिका के पैर पर बस का पहिया चढ़ने से उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
यह है घटनाक्रम
ग्वालियर के तारागंज निवासी प्रीती बाथम पत्नी सुनील बाथम एक गृहिणी है और पिछले दिन वह अपने बच्चों और सास के साथ किला घूमने जा रही थी। अभी वह जैन मंदिर के पास चढ़ाई पर पहुंची थी कि तभी तेज रफ्तार आ रही बस पीबी02डीक्यू0511 का ड्रायवर लापरवाही से चलाते हुए आया और मोड़ पर अनियंत्रित हो गया और बच्चों को टक्कर मार दी। घटना में बच्चों के साथ प्रीती की सास बस की चपेट में आकर घायल हो गयी।
यह लोग हुए घायल
बस की चपेट में आने से मुस्कान बाथम, अनुकल्प बाथम, अंशिका बाथम, मयंक बाथम और ऊषा बाथम घायल हो गए। जिसमें मुस्कान के पैर पर पहिया चढऩे से उसकी पैर की हड्डी टूट गई।