ग्वालियर में लोकायुक्त ने 15 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा PWD का EE

ग्वालियर. PWD के कई अधिकारी बिना रिश्वत के काम ही नहीं करते। विभागीय अधिकारियोें की रिश्वतखोरी का एक मामला तब सामने आया जब ग्वालियर में लोकायुक्त ने एक EE को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। EE बिल क्लीयर करने के बदले में 25 प्रतिशत कमीशन की डिमांड कर रहा था। उसे 15 हजार रुपए लेते हुए लोकायुक्त ने पकड़ लिया। पीडब्लूडी के EE पीके गुप्ता को लोकायुक्त ने रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। उसे लोकायुक्त ने ठेकेदार मोहन बैस की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मंगलवार शाम को पकड़ा। EE गुप्ता ने ठेकेदार से 70 हजार रुपए मांगे थे।मंगलवार को जैसे ही ठेकेदार बैस ने EE गुप्ता को दफ्तर में 15 हजार रुपए दिए तभी लोकायुक्त की टीम आ धमकी और EE को रंगे हाथ पकड़ लिया। उसे पूछताछ की जा रही है।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार ठेकेदार मोहन बैस ने EE गुप्ता द्वारा बार-बार रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। ठेकेदार का रेनोवेशन के काम का बिल EE गुप्ता ने रोक रखा था। बिल क्लियर करने के एवज में EE 25 प्रतिशत कमीशन मांग रहा था। बाद में कुल 70 हजार रुपए में सौदा पटा जिसके बाद ठेकेदार ने 55 हजार रुपए दे दिए। मंगलवार को 15 हजार देना तय था और इसी बीच लोकायुक्त ने जाल बिछा दिया। ठेकेदार मोहन बैस शाम को दफ्तर में EE गुप्ता के पास पहुंचा और उसे रिश्वत की राशि दे दी। तभी लोकायुक्त ने EE गुप्ता को 15 हजार रुपए के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया।