ग्वालियर जेल में भाई दूज पर बहनों के प्रवेश पर रोक, सड़क पर लगाया जाम, हंगामा

ग्वालियर. केंद्रीय जेल ग्वालियर में भाई दूज पर बहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई, आचार संहिता लगी होने के चलते इस बार मिलाई बंद थी। इसके चलते महिलाओं ने जेल के सामने सडक पर चक्काजाम कर दिया। यहां हंगामा हो गया। बहोडापुर पुलिस को जब सूचना मिली तो पुलिस यहां पहुंची और जाम खुलवाया। करीब 1 घंटे तक यहां हंगामा चला। हर साल भाई दूज पर जेल में बंद बंदियों से मिलने के लिए इनकी बहनें पहुंचती है। जेल में भाई दूज पर मिलाई होती है। इस बार विधानसभा चुनाव के चलते आचार संहिता लगी हुई है। आचार संहिता लगी होने के चलते इस बार भाईदूज पर जेल में मिलाई पर रोक लगा दी गई।
भाइयों से मिलने पर रोक
भिंड, मुरैना और आसपास के जिलों से बंदियों की बहनें मिलने पहुंच गई। यह लोग सुबह से यहां पहुंच गए। जब जेल पहुंचे तब पता लगा कि इस भाई दूज नहीं मनाई जाएगी। महिलाओं ने जेल में बंद भाइयों से मुलाकात कराने के लिए कहा जब जेल प्रहरियों ने रोका तो इन लोगों ने जेल के सामने सडक पर जाम लगा दिया। बहोडापुर थाना प्रभारी जितेंद्र तोमर ने बताया कि महिलाओं को समझाया गया, फिर इन लोगों ने जाम खोला।