धनतेरस के दिन शाम 5 बजे से बाडे पर वाहनों की नो एंट्री

ग्वालियर. धनतेरस से दीपावली तक बाजार में जमकर भीड होगी। शहर के महाराज बाडा, सराफा बाजार, दौलतगंज में सबसे ज्यादा खरीदारी पहुंचते है। ग्वालियर और मुरार के बाजारों में भीड होती है लेकिन लश्कर के बाजारों में सुबह से खरीदार पहुंचना शुरू हो जाएंगे और रात 3 बजे तक बाजार चलता है। पुलिस ने लश्कर के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया है। डायवर्जन प्वाइंट और पार्किंग स्पॉट चिह्नित किए है। आप भी धनतेरस पर खरीदारी के लिए यह ट्रैफिक प्लान देखकर ही घर से निकलें। धनतेरस पर शाम 5 बजे से वाहन डायवर्ट होंगे।
यह रहेगा डायवर्जन प्लान
दौलतगंज से महाराज बाडे की तरफ जाने वाले व्यावसायिक वाहन, चार पहिया वाहन सूर्यनारायण मंदिर तिराहे से हुजरात कोतवाली की तरफ डायवर्ट रहेंगे। हुजरात मार्केट में पार्किंग कर वाहन चालक महाराज बाडे की तरफ पैदल जा सकेंगे। हनुमान चौराहे से जनकगंज डिस्पेंसर होकर महाराज बाडा जाने वाले वाहन पार्किंग स्पॉट तक जा सकेंगे। यहां से पैदल जाना होगा। गांधी गुलंबर से सवारी वाहन डायवर्ट रहेंगे। कंपू से आने वाले व्यवसायिक व चार पहिया वाहन रॉक्सीपुल से लक्कडखाना पुल, जिंसी नाला, शिंदे की छावनी की तरफ जा सकेंगे। माधोगंज से आने वाले वाहन स्कॉउट गेट से पिछाछी डयोडी से गांधी गोलंबर, हनुमान चौराहा जाएंगे।