छिंदवाड़ा के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे: मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि छिंदवाड़ा में विकास की गंगा बह रही है। आज सुबह जामसांवली में श्री हनुमान लोक परियोजना का भूमि-पूजन हुआ। जिले के 7 विकास खण्डों के 711 ग्रामों में जल-प्रदाय के लिए 848 करोड़ 29 लाख रुपए की लागत से बनने वाली माचागोरा समूह जल-प्रदाय योजना सहित 1178 करोड़ 54 लाख रुपए राशि के 35 नवीन विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 258 करोड़ 75 लाख रुपए लागत के 30 कार्यों का लोकार्पण हुआ है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने छिंदवाड़ा में एक और महाविद्यालय की स्थापना तथा शानदार ऑडिटोरियम के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार छिंदवाड़ा के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज छिंदवाड़ा में राज्य स्तरीय रोजगार दिवस और महिला सम्मेलन में 8 लाख 34 हजार व्यक्तियों को 5 हजार करोड़ से अधिक राशि के ऋण वितरण की शुरूआत भी की। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों में हितग्राहियों को शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में कृषि मंत्री तथा छिंदवाड़ा के प्रभारी श्री कमल पटेल तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

711 ग्रामों से आए 711 जल कलश

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महिला सम्मेलन और राज्य स्तरीय रोजगार दिवस में आये भाई-बहनों का पुष्प-वर्षा कर स्वागत किया। माचागोरा समूह जल-प्रदाय योजना से लाभान्वित 711 ग्रामों की जल कलश यात्रा के 711 कलशों का पूजन कर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने योजना का भूमि-पूजन किया। आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूह और लाड़ली बहना योजना की हितग्राही बहनों ने मुख्यमंत्री को विशाल राखी भेंट की। जन-प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का विशाल पुष्प माला से स्वागत किया।

हर गाँव के हर घर में नल से जल

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से हर गाँव के हर घर में नल से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है जबकि पिछली सरकारों में हेण्ड पम्प लगाने में भी मुश्किल होती थी।

पिछली सरकार ने भारिया, सहरिया और बैगा बहनों को पौष्टिक आहार के लिए प्रतिमाह एक हजार रुपए उपलब्ध कराने की योजना, कन्या विवाह योजना में राशि उपलब्ध कराने, जल जीवन मिशन के संचालन, लैपटॉप वितरण और गर्भवती महिलाओं को सहायता उपलब्ध कराने जैसी योजनाओं को बंद कर दिया था।