चिकित्सकों का कार्य सामान्य नौकरी या आजीविका से कहीं बड़ा है - मुख्यमंत्री श्री चौहान
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हम और आप मिलकर स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐसी स्थिति निर्मित करें कि कोई गरीब और जरूरतमंद इलाज के बिना नहीं रहें। उसका सही उपचार हो और वह स्वस्थ हो। प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था की आश्वस्ति मैं देता हूँ और चिकित्सकों से बेहतर सेवा देने का वचन अपेक्षित है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में 3 करोड़ 60 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए हैं, हम प्रदेश में आयुष्मान भारत का यूनिवर्सल कव्हरेज करेंगे, जो परिवार आर्थिक रूप से संपन्न हैं उन्हें छोड़कर सभी के आयुष्मान कार्ड बनाये जायेंगे। जटिल बीमारियों के उपचार पर बहुत अधिक खर्च होता है, ऐसी स्थिति में लोगों को यह भरोसा देना जरूरी है कि बीमारी के समय सरकार उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान समत्व भवन में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के नवनियुक्त चिकित्सकों और विशेषज्ञों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के कार्यक्रम में चिकित्सकों से संवाद कर रहे थे।
83 शिशु रोग, 76 सर्जन तथा 128 दंत शल्य चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज 83 शिशु रोग तथा 76 सर्जन विशेषज्ञों, 128 दंत शल्य चिकित्सकों, सहायक माइक्रो बायोलाजिस्ट पद पर 2, सहायक लोक विश्लेषक के 6 तथा सहायक औषधि विश्लेषक 24 अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र जारी किए गए। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त चिकित्सकों, विशेषज्ञों आदि को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
स्वस्थ शरीर देश, समाज और दुनिया बनाता है
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने चिकित्सकों को संबोधित करते हुए कहा कि आपका कार्य सामान्य नौकरी या आजीविका अर्जन से कहीं बड़ा है। आप सभी सौभाग्यशाली हैं कि लोगों का जीवन बचाने और उन्हें रोगों से मुक्त करने का काम आपके हाथों में है। आप अपने कार्य को इस भावना से संचालित करेंगे तो जीवन में सदैव आनंद और प्रसन्नता बनी रहेगी। लोग आपका सम्मान भी करेंगे और पूजेंगे भी। शासकीय चिकित्सालयों में प्राय: गरीब, निम्न मध्यम वर्गीय और मध्यम वर्गीय परिवारों के लोग आते हैं। हमारा प्रयास है कि हम उचित रूप से इलाज की व्यवस्था संचालित करें। स्वस्थ शरीर देश, समाज और दुनिया बनाता है। बिना स्वास्थ्य के व्यक्ति अपने किसी भी संकल्प को पूरा नहीं कर सकता। अत: डॉक्टरों द्वारा की गई सेवा सबसे बड़ी सेवा है। दूसरे की भलाई करने से बड़ा कोई धर्म नहीं है।