ग्वालियर में डाक्टर से चार लाख फिरौती वसूलकर आइफोन खरीदे, धार्मिक यात्रा की, लौटते ही पकड़े गए

ग्वालियर. डाक्टर का अपहरण कर फिरौती वसूलने वाले सभी चार बदमाशों को थाटीपुर थाना व क्राइम ब्रांच ने दबोच लिया। बदमाशों के कब्जे से एक लाख रुपये नगद और दो आइफोन, डाक्टर के अपहरण में उपयोग की गई बाइक बरामद की है। इसका खुलासा एसएसपी राजेश चंदेल ने किया। एसएसपी ने बताया कि बदमाशों ने 20 जुलाई को डा़ प्रमोद पहारिया का अपहरण किया।

रुपये का बटवारा कर तीर्थ करने के लिए निकल गए
उनसे, जो राशि वसूली उसका बटवारा कर तीर्थ करने के लिए निकल गए। जब लौटे तो पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। डाक्टर को पकड़ने का षड्यंत्र आदित्य गौतम ने रचा था। उसने तीन साथी विकास गुर्जर, टीटू और मधसूदन गुर्जर को अपने षड्यंत्र में शामिल किया। इन्होंने डाक्टर की कार से अपनी बाइक भिड़ा दी फिर तमंचे की दम पर डाक्टर को उसी की कार में हाइवे पर ले गए। उसके घर से चार लाख रुपये फिरौती के रूप में मंगवाए। 24 हजार रुपये आनलाइन ट्रांसफर कराए थे। इसके बाद डाक्टर को छोड़ दिया और रकम आपस में बांट ली थी। दो बदमाशों ने आइफोन खरीदा इसके बाद यह लोग खाटू श्याम के दर्शन करने के लिए निकल गए थे। पुलिस ने फुटेज के आधार पर इनकी पहचान कर पकड़ लिया।