ग्वालियर में दिनदहाड़े बैंक में वृद्ध के बैग से कैश निकालकर 2 बदमाश बाइक सवार के साथ हो गए फरार
ग्वालियर. दिनदहाड़े तीन बाइक सवार बदमाशों ने बैंक से पैसे निकालकर जा रहे एक बुजुर्ग के थैले के अंदर रखे 50 हजार रुपए पार कर दिए। वृद्ध ने बदमाशों का पीछा भी किया लेकिन बदमाश बाइक की गति बढ़ाकर वहां से भाग निकले। बैंक में बुजुर्ग के पीछे दो बदमाश खड़े थे, जिन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना स्टेट बैंक तिराहा पर सोमवार शाम की है।
क्या है पूरा मामला
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। बैंक में लगे CCTV कैमरे में दोनों बदमाश वारदात को अंजाम देते हुए कैद हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शहर के उपनगर ग्वालियर स्थित तानसेन नगर रोड पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ब्रांच है। इसमें न्यू कांचमील निवासी 72 वर्षीय हरज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया रेशम मील से रिटायर्ड कर्मचारी है। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे वह बैंक से पैसे निकालने पहुंचे थे। बैंक में कैश निकालने के लिए स्लिप भरकर 50 हजार रुपए निकाले और बैंक में कुर्सी पर बैठकर कैश गिनने के बाद एक कपड़े के थैले में डालकर बैंक से बाहर जाने लगे। इसी समय बैंक के अंदर खड़े दो बदमाशों में से एक बदमाश बैंक के गेट पर आकर खड़ा होकर जूते के फीते बांधने लगा तभी बुजुर्ग के पीछे खड़े दूसरे बदमाश ने मौका पाते ही कपड़े के थैले में रखे 50 हजार रुपए निकाल लिए। इसी समय दोनों युवक कुछ दूरी पर खड़े बाइक सवार तीसरे साथी के साथ बैठकर भाग गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और बुजुर्ग के परिजन मौके पर जा पहुंचे। पुलिस ने जब बैंक में लगे CCTV कैमरे चेक किए तो दो बदमाश वारदात को अंजाम देते हुए कैद हुए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
बुजुर्ग ने किया था बदमाशों का पीछा
पीड़ित हर ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया का कहना है कि वह बैंक से पैसे निकाल कर घर जा रहे थे तभी दो बदमाश उनके थैले से पन्नी में रखे 50 हजार रुपए निकालकर भागे उन्होंने बदमाशों का पीछा भी किया लेकिन बदमाश बाइक पर बैठकर भाग निकले। पीड़ित का कहना है कि वह और उनकी पत्नी सुषमा भदौरिया को 2 दिन बाद किसी काम से लखनऊ जाना था उसी के लिए वह बैंक में पैसे निकालने आए थे।