हमेशा अच्छे परिणाम देने वाली होती है अच्छी संगत -जयाकिशोरी
ग्वालियर। स्व. दर्शन सिंह की स्मृति में खाटू श्याम मंदिर लाइन नम्बर एक के प्रागंण में आयोजित हो रही कथा नानी बाई को मायरो में जयाकिशोरी के भजनों से ऐसा समां बंध रहा है कि भक्त मंत्रमुग्ध होकर झूमते नजर आ रहे हैं। इस अद्भुत आनंद को हासिल करने के लिए श्रोताओं की तादाद बढ़ती ही जा रही है। गतदिवस से पांडाल काफी बढाने के बावजूद श्रोताओं की भारी संख्या की वजह से एक बार फिर छोटा पड़ गया, तब मंच से जयाकिशोरी को स्वयं कहना पड़ा कि मीतेंद्र अगली बार कथा करवाएं तो इससे बड़े जगह लें। गौरतलब है कि ग्वालियर विधानसभा में फिलहाल एक नम्बर लाइन का मैदान ही सबसे बड़ा मैदान माना जाता है।
करुणामयी कृपामयी भजन से उन्होंने मंगलवार की कथा की शुरूआत की। इसके बाद कथा के सरस प्रवाह के साथ भजनों का ऐसा प्रवाह हुआ कि भक्त सुधबुध खोकर भक्ति में सराबोर होते नजर आए। दूसरों के काम में कमी निकालने वाले लोगों पर व्यंग्य करते हुए उन्होंने कहा कि समाज में कुछ ऐसे प्रतिष्ठ लोग होते हैं जो जिंदगी में एक भी ढंग का काम नहीं करते हैं,लेकिन दूसरों की गलती निकालने में सबसे आगे रहते हैं, हमें ऐसे लोगों की परवाह किए बगैर अपने काम को निष्ठा से करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक अच्छा आदमी दूसरे अच्छे आदमी की प्रशंसा सहन नहीं कर सकता है,लेकिन भगवान अपने भगत के सत्कामों से प्रसन्न होते हैं।
अच्छी दोस्ती से जीवन में अच्छे बदलाव…
उन्होंने बताया कि नरसी भगत की भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान ने उनके सारे काम बनाए। नरसी की भक्ति के प्रभाव से न सिर्फ नरसी को बल्कि उनके मित्र को भी भगवान के दर्शन हो गए। जयोकिशोरी ने कहा कि अगर हमारी संगत अच्छी है तो हमें भी उसका लाभ मिलता है, जिसप्रकार नरसी के मित्र को भी नरसी की वजह से भगवान के दर्शन हो गए। इसलिए कहा गया कि अच्छी संगत का असर हमेशा अच्छा होता है। दोस्ती अच्छी होगी तो जीवन में अच्छे बदलाव होंगे।
मांगना है तो भगवान से मांगो…..
उन्होंने बताया कि जिसे एक बार मांगने की आदत पड़ जाए, वो जीवन भर मांगता ही रहता है। अगर मांगना ही है तो इंसान से नहीं भगवान से उसकी भक्ति मांगो, भगवान की भक्ति यदि आपको मिल गई तो फिर जीवन मेें आपके किसी भी काम में बाधा नहीं होगी, जिस प्रकार नरसी के पास कुछ भी नहीं होने के बावजूद भगवान ने हर पग पर उनकी मदद की और उनके मायरो भरवाओ।
भगवान पर भरोसे से होंगे सब काम…..
जयाकिशोरी ने कहा कि यदि आप सच्चे मन से भगवान पर विश्वास रखकर उससे प्रार्थना करोगो, तो वो काम आपका नहीं रहेगा, उसे पूरा करने की जिम्मेदारी खुद भगवान ले लेंगे,लेकिन संसारी लोगों से मांगोगे, तो वे आपको देंगे तो कुछ नहीं बल्कि आपकी खिल्ली उड़ाएंगे। भगवान नरसी की गाड़ी ठीक करने खुद पहुंचे और बदले में सिर्फ भजन सुना। इसलिए भगवान का भजन करो, वो आपको वो सब कुछ दे देगा,जिसकी आपने कल्पना भी नहीं की होगी।