जीवाजी यूनिवर्सिटी ने एक दिन में जालसाजों को डिग्री दी
ग्वालियर. शहर में रहने वाली एक महिला डॉक्टर के डिग्री, दस्तावेजों पर दूसरी महिला डॉक्टर बनकर फर्जी तरीके से प्रैक्टिस कर रही थी। महिला ने पकड़े जाने के बाद बताया कि उसने जीवाजी यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस की डिग्री महज 24 घंटे में 10 हजार रुपए रिश्वत देकर ली थी। जिस यूनिवर्सिटी में विद्यार्थी डिग्री, मार्कशीट, माइग्रेशन जैसे कामों के लिए भटकते रहते हैं, मजबूर होकर उन्हें सीएम हेल्पलाइन तक में शिकायत करना पड़ती है उस यूनिवर्सिटी में केवल 24 घंटे में डिग्री कैसे बनाकर दे दी गई। यह सवाल आम लोगों के सामने ही नहीं जेयू के अफसरों के सामने भी है, इसकी जांच भी अब कराई जा रही है।
पुलिस जीवाजी यूनिवर्सिटी में जांच करने पहुंचेगी
उल्लेखनीय है कि झांसी रोड थाना पुलिस ने दूसरी महिला डॉक्टर के दस्तावेजों पर प्रैक्टिस करने वाली महिला और इसके एक साथी को गिरफ्तार किया था। महिला के बयानों के आधार पर अब पुलिस जीवाजी यूनिवर्सिटी में जांच करने पहुंचेगी, पूछेगी कि 24 घंटे में डिग्री कैसे दे दी गई, इसके अलावा उन कर्मचारियों से भी पूछताछ होगी जिनके नाम जालसाजों ने उजागर किए हैं, फिलहाल पुलिस ने इन कर्मचारियों के नाम गोपनीय रखे हैं और उनके बारे में जानकारी भी जुटाई जा रही है, पुलिस को अगर इस मामले में किसी कर्मचारी की मिलीभगत मिलती है तो उसके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज होगी।