वीर सावरकर पर बनी फिल्म पर खड़ा हुआ विवाद, नेताजी के परिवार को इन तथ्‍यों पर कड़ा एतराज

कोलकाता (पश्‍च‍िम बंगाल). हाल में ही रणदीप हुड्डा (Randeep Hooda) की फिल्म ‘स्वतंत्र वीर सावरकर’ का टीजर लांच हुआ है जिसके बाद से फिल्म को लेकर विवाद शुरू हो गया है. टीजर देखने के बाद इस पर उंगलियां भी उठने लगी हैं. नेताजी सुभाष चंद्र बोस (Netaji Subhash Chandra Bose) के पड़पोते चंद्र कुमार बोस (Chandra Kumar Bose) ने टीजर पर आपत्ति जताई है.

उन्होंने फिल्म में फैक्ट्स गलत दिखाए जाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि ‘वीर सावरकर’ के टीजर में दिखाया गया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस भी विनायक दामोदर सवारकर (Vinayak Damodar Savarkar) की विचारधारा को सपोर्ट करते थे. लेकिन ये गलत है, क्योंकि सुभाष चंद्र बोस सेक्युलर थे, धर्मनिरपेक्ष थे. जबकि सावरकर हिंदू कट्टरपंथी थे.

सावरकर की बायोपिक ‘स्वतंत्र वीर सावरकर’ में अभिनेता रणदीप हुड्डा लीड रोल में हैं. ये फिल्म उनकी डायरेक्टोरियल डेब्यू भी है जिसका टीजर 28 मई को रिलीज किया गया है. इस टीजर में ये दावा किया गया कि शहीद भगत सिंह, खुदीराम बोस से लेकर सुभाष चंद्र बोस जैसे स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर (Vinayak Damodar Savarkar) की विचारधारा से प्रेरित थे.