ग्वालियर के कारोबारी के बेटे को पंजाब के विश्नोई गैंग के नाम से धमकी, बदमाश बोला मुझे 20 लाख रुपए में तेरी सुपारी मिली है

ग्वालियर. ग्वालियर में रह रहे भिंड के एक कारोबारी के बेटे को अज्ञात नंबर से धमकी भरा कॉल आया है। कॉल करने वाले ने खुद को पंजाब के विश्नोई गैंग से बताते हुए कहा कि उसकी, उनको 20 लाख रुपए में हत्या की सुपारी मिली है। दो दिन में हत्या करने की बात कही। साथ ही कहा है कि विश्नोई गैंग का तरीका है जिसकी सुपारी मिलती है उसे पहले ही उसकी हत्या की सूचना दे देते हैं। यह धमकी भरा कॉल 15 मई को नया बाजार स्थित मोहरकर की गली में आया है। धमकी से दहशत में आया कारोबारी का बेटा शहर छोड़कर चला गया है। व्यापारी ने शुक्रवार को मामले की शिकायत पुलिस अफसरों से की थी। पुलिस ने शनिवार धमकाने का मामला दर्ज किया है। जिस नंबर से धमकी आई थी उसे ट्रैस किया जा रहा है। शहर के कंपू स्थित नया बाजार मोहरकर की गली निवासी 64 वर्षीय सुभाष चन्द्र जैन कारोबारी हैं। उनका सीमेंट का कारोबार है। वह मूल रूप से भिंड के बताशा बाजार के रहने वाले हैं। 15 मई 2023 को उनके बेटे राहुल जैन के मोबाइल पर एक अनजान नंबर 8531895901 से कॉल आया। कॉल करने वाले ने राहुल के कॉल रिसीव करते ही उन्हें बताया कि वह विश्नोई गैंग का शूटर है और उसे उसकी हत्या की 20 लाख रुपए की सुपारी मिली है, दो दिन में वह उसकी हत्या कर देगा।

दहशत में परिवार, कारोबारी का बेटे ने छोड़ा शहर
इस धमकी भरे कॉल आने के बाद व्यापारी का पूरा परिवार दहशत में है। व्यापारी का बेटा इतना डर गया है कि वह शहर छोड़कर दूसरी स्टेट में अपने एक रिश्तेदार के घर चला गया है। इसके बाद कारोबारी ने एक दिन पहले पुलिस अफसरों से मिलकर मामले की शिकायत की है। जिस पर शनिवार को इस मामले में FIR दर्ज की गई है।

तमिलनाडू के नंबर से मिली थी धमकी
सीएसपी विजय भदौरिया ने बताया कि व्यवसायी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। मोबाइल नंबर की जानकारी जुटाई तो पता चला है कि वह तमिलनाडू से जारी हुआ है। पुलिस की एक टीम मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आरोपी की पड़ताल कर रही है।