ग्वालियर में रेल्वे क्रॉसिंग से स्मैक तस्कर धरा, 101 ग्राम स्मैक बरामद

ग्वालियर. स्मैक की खेप लेकर आए एक तस्कर को झांसी रोड थाना और क्राइम ब्रांच पुलिस ने संयोग कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर पुरानी रेलवे क्रॉसिंग से पकड़ा है। पकड़े गए तस्कर से पुलिस को 101 ग्राम स्मैक मिली है, जिसकी कीमत करीब 11 लाख रुपए बताई गई है। पकड़े गए तस्कर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अफसरों का मानना है कि पकड़े गए तस्कर से पूछताछ के बाद कुछ और आरोपी पकड़े जा सकते हैं।

यह है पूरा मामला
क्राइम ब्रांच एडिशनल एसपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक तस्कर स्मैक की खेप लेकर खपाने के लिए आने वाला है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच प्रभारी अमर सिंह सिकरवार और झांसी रोड थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव को तस्कर को पकड़ने के लिए निर्देश दिए गए थे। कार्रवाई करते हुए झांसी रोड थाना व क्राइम ब्रांच थाने दो टीमें बनाकर तस्कर को तलाश के लिए पहुंचाया। पुलिस टीम सिंधिया कन्या विद्यालय के पिछले वाले गेट रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची तो एक युवक पुलिस को देखकर वापस जाने लगा तो पुलिस कर्मियों को शंका हुई और उसे रोकने का प्रयास किया तो संदेही युवक भागने लगा, जिसका पीछा कर पुलिस ने पकड़ा और उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 101 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया।

तस्कर से पूछताछ में जुटी पुलिस
झांसी रोड थाना प्रभारी शेलेन्द्र भार्गव का कहना है कि एक स्मैक तस्कर को 101 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा है। पकड़े गए तस्करों से पूछताछ की जा रही है कि वह स्मैक की खेप कहां से लेकर आए थे और उसके इस रैकेट में और कौन-कौन शामिल है।