ग्वालियर में फौजी की पत्नी को किराएदार ने बंधक बनाकर पीटा, मकान का किराया लेने आईं थीं
ग्वालियर. किराया लेने आई फौजी की पत्नी को किराएदार ने मारपीट की और बंधक बनाकर कमरे में ताला डाल दिया। घटना मुरार थाना क्षेत्र के बालाजीपुरम में रविवार की है। कमरे में बंद फौजी की पत्नी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ताला तोड़कर उसे मुक्त कराया। पीड़ित महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
नरेन्द्र माहौर पिछले 6 माह से किराया नहीं दे रहा
शहर के बालाजीपुरम मुरार निवासी चंद्रावली धाकड़ पत्नी गजेन्द्र धाकड़ ने बताया कि उसके पति आर्मी में हैं और वह अभी इंदौर पदस्थ हैं। वह भी बच्चों के साथ इंदौर में रह रही है। एक साल पहले यहां के मकान को उन्होंने नरेन्द्र माहौर को दिया था। चार माह तक तो उसने किराया उनके पास भेजा, लेकिन पिछले छह माह से वह किराया नहीं दे रहा था। किराया नहीं देने पर कई बार उसे कॉल किया तो उसने टालमटोल की। किराया नहीं देने पर दो दिन पहले चंद्रावली अपनी देवरानी नीकेश धाकड़ के साथ अपने मकान पर पहुंची और किराया मांगा, तो किराएदार ने किराया देने से मना कर दिया। जब चंद्रावली ने अपना सामान मकान में रखने का प्रयास किया तो वह भी नहीं रखने दिया। उस समय तो चंदावली वहां से चली आई और अगले ही दिन फिर वहां पर पहुंची।
पहले पीटा, फिर किया कमरे में बंद
दूसरे दिन भी चंद्रावली ने किराया मांगा तो किराएदार विवाद पर उतर आया और उसे चांटे मारते हुए धमकी दी कि अब मकान उसका है और उसे ना तो किराया मिलेगा और ना ही मकान, इसके बाद वह उसे खींचकर अंदर ले गए और एक कमरे में बंद कर बाहर से ताला डाल दिया। बंधक बनाने पर पीड़िता ने पुलिस को कॉल किया तो पुलिस मौके पर पहुंची और ताला तोड़कर फौजी की पत्नी को बाहर निकाला। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी नरेन्द्र माहौर, उसकी पत्नी व भाई राहुल माहौर के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।