पहले पैर छुए फिर फूफा के पेट में मार दी गोली, प्रॉपर्टी विवाद में हत्या का प्रयास
ग्वालियर. शादी में जाने की तैयारी कर रहे नगर निगम के वाहन चालक से भतीजा मिलने आया और पैर छूने के बाद कट्टा निकाला और जान से मारने के लिए फायर ठोक दिया। गोली फूफा के पेट से लगती निकली गई। गोली की आवाज सुनते ही अन्य परिजन वहां पर पहुंचे तो हमलावर भतीजा अपने साथी के साथ बाइक से भाग निकला। गोली लगने से कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना माधौगंज की है। परिजनों घटना की जानकारी पुलिस को देकर उसे तत्काल इलाज के लिए भर्ती कराया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल की शिकायत पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
यह है पूरा मामला
शहर के माधौगंज थाना क्षेत्र के हेमसिंह की परेड निवासी 59 वर्षीय महेश सिंह परमार पुत्र रामसिंह परमार नगर निगम में कर्मचारी है। गुरुवार को वह एक शादी में जाने वाले थे और तैयारी कर रहे थे कि तभी उनके साले वीरेन्द्र सिंह तोमर का बेटा गौतम उर्फ गोलू तोमर अपने एक साथी के साथ आया और उनके पैर छूने के बाद महेश से उनके बहनोई रविन्द्र चौहान के बारे में पूछा तो उन्होंने उनके ना होने को कहा तो उसने कमर से कट्टा निकाला और उनको जान से मारने के लिए गोली मारी। गोली महेश के पेट से छूती हुई निकली। गोली की आवाज सुनते ही अन्य परिजन वहां पर पहुंचे तो गौतम अपने साथी के साथ बाइक से भाग निकला। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए पहुंचाकर उसकी शिकायत पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।