दुनिया का अनोखा शहर, जहां गली-गली में है एक डेंटिस्ट! दूसरे देशों से भी सर्जरी करवाने यहां आते हैं लोग
Molar City: डॉक्टरों की जरूरत इंसान को कभी भी पड़ सकती है. परिवार में कभी न कभी कोई बीमार पड़ ही जाता है, शरीर से जुड़ी समस्याएं भी बनी रहती हैं. ऐसे में अगर घर के पास ही डॉक्टर हो तो काफी चीजें आसान हो जाती हैं. मेक्सिको देश में भी ऐसा ही एक शहर (Dentist city of the world) है जहां दांत के सैकड़ों डॉक्टर हैं. आपको डॉक्टरों को खोजने नहीं निकला पड़ेगा, क्योंकि वो आपको गली-गली में मिल जाएंगे.
ऑडिटी सेंट्रल न्यूज वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार मेक्सिको में एक छोटा सा शहर है जिसका नाम है लॉस एल्गोडॉन्स (Los Algodones, Mexico). इस शहर की आबादी करीब 7000 है. पर यहां प्रति वर्ग मील पर एक डेंटिस्ट मिल जाता है. इतनी आबादी में करीब 600 लोग डेंटिस्ट हैं. इस वजह से लोगों को दांत के डॉक्टरों को खोजने में मुश्किल नहीं होती है. शहर की 4 प्रमुख सड़कों पर डॉक्टरों की सैकड़ों क्लिनिक हैं जो अलग-अलग तरह के ऑफर अपने मरीजों को देते रहते हैं और उनकी कीमत भी काफी कम होती है.
दूर-दूर से आते हैं लोग
यही वजह है कि मेक्सिको के इस शहर में नवंबर से लेकर अप्रैल तक, जिसे टूरिस्ट सीजन माना जाता है, सैकड़ों पर्यटक आते हैं. वो यहां की खूबसूरती देखने या टाइम पास करने नहीं, दांतों से जुड़ी अलग-अलग प्रकार की सर्जरी करवाने आते हैं. सबसे ज्यादा अमेरिका और फिर कनाडा तक के लोग यहां सर्जरी करवाते हैं, पर ब्रिटेन से भी काफी लोगों का यहां पर आना-जाना लगा रहता है. रिपोर्ट के अनुसार इस शहर में दांतों की सर्जरी की जो कीमत है, वो अमेरिका की तुलना में काफी कम है. कई बार तो भीड़ इतनी ज्यादा आ जाती है कि इतने ज्यादा डॉक्टर भी कम पड़ जाते हैं, और कुछ समय के लिए शहर की आबादी दुगनी-तिगुनी हो जाती है.
देश के सबसे अच्छे डेंटिस्ट यहीं हैं मौजूद
शहर के इस अनोखेपन की वजह से इसे मोलर सिटी कहा जाता है. आजकल मोलर सिटी की ऑफिशयल वेबसाइट भी बना दी गई है जिसके जरिए पर्यटक अलग-अलग डॉक्टरों से जुड़ सकते हैं और उनका अपॉइंटमेंट ले सकते हैं. इस शहर को दुनिया की डेंटल टूरिज्म कैपिटल भी कहते हैं. बहुत लोगों को लगता है कि यहां के दाम कम हैं तो डॉक्टर भी बेकार होंगे, पर ऐसा बिल्कुल भी नहीं है. मेक्सिको देश के सबसे अच्छे डेंटिस्ट इसी शहर में पाए जाते हैं.