बैजाताल पर टूरिस्ट बनकर सटोरिया सट्टा लगवा रहा था, 11 हजार कैश व 5 लाख का हिसाब मिला
ग्वालियर. आईपीएल मैच पर सट्टा लगवा रहे एक सटोरिए को पड़ाव थाना पुलिस ने पकड़ा है। पकड़ा गया सटोरिया पुलिस से बचने के लिए टूरिस्ट बनकर बैजाताल की छतरियों पर टहलते हुए सट्टा लगवा रहा था।पकड़े गए सटोरिए से पुलिस ने साढ़े 11 हजार रुपए नकदी के साथ ही पांच लाख रुपए का हिसाब मिला हैं। पुलिस ने पकड़े गए सटोरिए को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अफसरों की माने तो पकड़े गए सटोरिए से पूछताछ के बाद कुछ अहम सुराग हाथ आ सकते है।
पुलिस को देखते ही भागने लगा सटोरिया
ग्वालियर के पड़ाव थाना सर्किल के सीएसपी विजय सिंह भदौरिया ने बताया कि सूचना मिली थी कि आईपीएल मैच पर एक सटोरिया बैजाताल पर सट्टा लगवा रहा है। सूचना मिलते ही पड़व थाना प्रभारी प्रशांत सिंह यादव को सटोरिए को पकड़ने के लिए निर्देशित किया और पुलिस टीम के साथ सटोरिए को दबोचने पहुंचाया। पुलिस फूलबाग सहित बैजाताल व अन्य मार्गों पर बेकिंग करने के बाद भी सटोरिया नहीं मिला। जब इसका पता चला तो पुलिस टीम को दोबारा पहुंचाया और हर स्थान की बारीकी से जांच कराई तो अंधेरे में छतरी के नीचे एक युवक दिखाई दिया, जो पुलिस को देखते ही भागने लगा, लेकिन पहले से ही अलर्ट पुलिस ने उसे मौका नहीं दिया और दबोच लिया। पुलिस को उसकी तलाशी में साढ़े 11 हजार रुपए नगदी के साथ ही दो मोबाइल मिले, जिनकी तस्दीक की जा रही है।