मुरैना की अंबाह, मुरैना व बानमोर तहसीलों से गुजरेगा सिक्सलेन हाईवे, किसानों की 201 हेक्टेयेर भूमि का होगा अधिग्रहण
ग्वालियर. आगरा-ग्वालियर सिक्सलेन एक्सप्रेस-वे मुरैना जिले की तीन तहसील अंबाह, मुरैना व बानमोर से होकर गुजरेगा। एक्सप्रेस-वे को बनाने के लिए 249 हैक्टेयर जमीन की दरकार है। इसमें से किसानों की 201 हेक्टेयर भूमि के अधिग्रहण की तैयारी राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने शुरू कर दी है। 48 हेक्टेयर सरकारी जमीन का उपयोग किया जाएगा। ऐसा माना जा रहा है कि 2023 के अंत तक सिक्सलेन हाइवे का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
अंबाह से लेकर शनिश्चरा तक 249 हेक्टेयर जमीन का उपयोग होगा
यहां बता दें कि सिक्सलेन एक्सप्रेस-वे का रूट अलाइनमेंट बदला हुआ है। इसकाे यमुना एक्सप्रेस-वे से लिंक करने के लिए इस नए एक्सप्रेस-वे का निर्माण आगरा के देवरी गांव में पूर्वी वायपास से शुरू किया जाएगा। धौलपुर के राजाखेड़ा से होते हुए यह मुरैना जिले के अंबाह तहसील के बार्डर से निकलेगा। मुरैना के बाद इसका रूट कुतवार, रंचोली, महटौली शनिश्चरा होते हुए ग्वालियर जिले के सुसैरा गांव तक पहुंचेगा। इससे पहले यह आंकलन था कि सिक्सलेन एक्सप्रेस-वे का निर्माण चंबल राजघाट के बाद निवी, मुरैना गांव होते हुए इसे नूराबाद में हाइवे के पास निकाला जाना था। लेकिन इस अलाइनमेंट में तमाम बाधाओं के व्याप्त होने से नई दिल्ली की ली एसोसिएट साउथ एशिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने आगरा-ग्वालियर सिक्सलेन एक्सप्रेस-वे के लिए नया रूट अलाइनमेंट दिया है। सिक्सलेन एक्सप्रेस-वे की बात करें तो अंबाह से लेकर शनिश्चरा तक इस एक्सप्रेस-वे के लिए 249 हेक्टेयर जमीन का उपयोग होगा। इसमें 201 हेक्टेयर जमीन किसानों से ली जाएगी।