मुरैना में ट्रेन की चपेट में आने से तेंदुए की मौत
मुरैना. ट्रेन की चपेट में आकर एक तेंदुए की मौत हो गई। घटना नदुआपुरा गांव के पास की है। फॉरेस्ट के वनरक्षक को जब ग्रामीणों ने सूचना दी तो वह मौके पर पहुंचा। फॉरेस्ट अधिकारियों ने डॉक्टरों के पैनल से लाश का पीएम कराया। बता दें, कि नदुआपुरा गांव के रेलवे ट्रेक के पास एक तेंदुआ मृत अवस्था में पड़ा मिला था। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने जब तेंदुए को देखा तो वे डर गए बाद में जब वह हिला-डुला नहीं तो पास जाकर देखा। पास जाकर देखने पर पता लगा कि तेंदुआ मरा पड़ा है। ग्रामीणों ने वन विभाग के वनरक्षक को इसकी सूचना दी। वनरक्षक ने संबंधित रेंज के रेंजर व रेंजर ने SDO प्रतीक दुबे को जानकारी दी। बाद में DFO स्वरुप दीक्षित के आदेश पर तेंदुए का शव देवरी स्थित घड़ियाल केन्द्र लाया गया। वहां तीन डॉक्टरों के पैनल ने तेंदुए के शव का PM किया।
पांच वर्ष का था तेंदुआ
डॉक्टरों ने बताया कि तेंदुए की उम्र लगभग पांच वर्ष थी। तेंदुए के शव को जब बारीकी से देखा गया तो उसके आगे के दोनों पंजों का बड़ा वाला नाखून भी नहीं मिला है। तेंदुए की मौत को 50 घंटे से अधिक समय बीत चुका बताया जा रहा है।
बिसरा जब्त कर किया अंतिम संस्कार
वन विभाग के डीएफओ की उपस्थिति में तेंदुए का बिसरा जब्त कर उसे सागर लैब भेजने के लिए सुरक्षित रख लिया गया है। उसके बाद उसका अंतिम संस्कार किया गया।