सिटी सेंटर स्थित पाम रेजीडेंसी के फ्लैट में नगर निगम कर्मचारी का शव मिला
ग्वालियर. सिटी सेंटर स्थित पाम रेजीडेंसी के एक फ्लैट में नगर निगम कर्मचारी का शव पड़ा मिला है। घटना शुक्रवार रात की है। नगर निगम कर्मचारी के फ्लैट के दरवाजे खुले हुए थे और तेज दुर्गन्ध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो बेड रूम में जमीन पर नगर निगम कर्मचारी का शव पड़ा मिला है। आसपास शराब के 7 क्वार्टर भी पड़े मिले हैं। पुलिस ने शव को निगरानी में लेने से पहले फोरेंसिक एक्सपर्ट से जांच भी कराई है। शव काफी सड़ी अवस्था में है। पुलिस पड़ताल कर रही है कि दरवाजा अंदर से लॉक नहीं था तो शायद मौत से पहले उसके साथ कोई रहा होगा। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया
शहर के विश्वविद्यालय थाना स्थित पाम रेजीडेंसी के ए ब्लॉक 303 नंबर फ्लैट में धनंजय पांडे रहते थे। धनंजय नगर निगम के जनकार्य विभाग में बतौर सुपर वाइजर पदस्थ थे। तीन दिन पहले धनंजय की पत्नी अपने मायके दिल्ली चली गई थीं। घर पर वह अकेले थे। शुक्रवार रात जब नगर निगम कर्मचारी के फ्लैट से काफी तेज बदबू आ रही थी। आसपास के फ्लैट वालों को जब बदबू तेज लगी तो उन्होंने जाकर देखा। फ्लैट का मुख्य गेट का दरवाजा अंदर से खुला हुआ था। इसके बाद पड़ोसियों ने विश्वविद्यालय थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की तो अंदर बेडरूम में नगर निगम कर्मचारी का शव पड़ा हुआ था। घर में बेड रूम के फर्श पर ही 7 क्वार्टर देशी सफेद शराब के पड़े हुए थे। घटना की परिस्थितयां संदिग्ध नजर आने पर पुलिस ने तत्काल फोरेंसिक व फिंगर प्रिंट टीम को सूचना दी। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। पुलिस अभी शराब के नशे में मौत होने की आशंका जता रही है।
परिजन को दी सूचना
पुलिस ने इस मामले में मृतक नगर निगम कर्मचारी के परिजन को सूचना दे दी है। साथ ही शव को निगरानी में लेकर डेड हाउस भिजवा दिया है। शनिवार को नगर निगम कर्मचारी के परिजन आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा।