शहर में ई-रिक्शा के रूट होंगे निर्धारित, कमर्शियल वाहनों के लिए भी स्टैंड बनेंगे
ग्वालियर. यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए ई-रिक्शा के रूट निर्धारित किए जाएंगे। पहले जिला यातायात समिति की बैठक में इस पर चर्चा होगी और फिर जिला प्रशासन आदेश जारी करेगा। आदेश न मानने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। यह निर्णय स्मार्ट सिटी के कंट्रोल कमांड सेंटर में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के बीच हुई बैठक में लिया गया।
मुरार और हजीरा में नए पार्किंग स्थल चिन्हित किए जाएं
बैठक में तय हुआ कि शहर की सड़कों पर खड़े रहने वाले कमर्शियल वाहनों के लिए भी शहर में अलग-अलग स्थान चिन्हित कर उन्हें वहां खड़ा कराए जाए। ताकि सड़कों पर यातायात प्रभावित न हो और इसके एवज में वाहन मालिकों से हर महीने शुल्क लिया जाए। बैठक में पार्किंग को लेकर भी चर्चा हुई। इसमें तय हुआ कि मुरार और हजीरा क्षेत्र में नए पार्किंग स्थल चिन्हित किए जाएं। जिन क्षेत्रों में पार्किंग हैं, वहां क्षमता बढ़ाने के प्रयास हों। बैठक में संभागायुक्त दीपक सिंह, एडीजी डी श्रीनिवास वर्मा, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, एसएसपी राजेश सिंह चंदेल, स्मार्ट सिटी सीईओ नीतू माथुर, डीएसपी ट्रैफिक नरेश अन्नोटिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।