शहर में सुगम यातायात के लिये संयुक्त रूप से हो प्रयास
शहर में 32 सीटर से अधिक सीटों वाली बसों का संचालन न करने के संबंध में पूर्व में निर्णय लिया
ग्वालियर शहर में सुगम यातायात के लिये जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम का अमला नियमित रूप से कार्य करे। शहर में निर्मित पार्किंग स्थलों का शतप्रतिशत उपयोग हो यह भी सुनिश्चित किया जाए। संभागीय आयुक्त दीपक सिंह एवं एडीजी पुलिस डीश्रीनिवास वर्मा ने संयुक्त रूप से सोमवार को यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए यह बात कही।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि शहर में यातायात प्रबंधन के लिये अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, अपर आयुक्त नगर निगम एवं एसडीओपी पुलिस का दल गठित कर नियमित यातायात की व्यवस्थाओं के लिये प्रयास किए जाएँ। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम द्वारा शहर में निर्मित मल्टीलेवल पार्किंग का शतप्रतिशत उपयोग हो, इसके भी सार्थक प्रयास किए जाएँ।
शहर में विभिन्न सड़कों एवं चौराहों पर जो वाहन खड़े होते हैं उनके लिये खुले स्थान चिन्हित किए जाएँ जहाँ पर मंथली शुल्क लेकर स्थान उपलब्ध कराया जा सके। इसके लिये नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अधिकारी शहर में खुले एवं बड़े स्थानों का चयन करें ताकि वाहनों को वहाँ पर पार्किंग की व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में स्कूल बसों के संचालन के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। शहर में 32 सीटर से अधिक सीटों वाली बसों का संचालन न करने के संबंध में पूर्व में निर्णय लिया गया है। एडीएम एवं एडिशनल एसपी अपने स्तर पर समीक्षा कर उक्त निर्णय का पालन सुनिश्चित करें। इसके साथ ही सभी स्कूल बसों के ड्रायवर एवं कंडक्टरों का पुलिस वैरीफिकेशन भी अनिवार्यत: कराया जाए। ई-रिक्शा के संचालन के संबंध में निर्णय लिया गया कि इनके रूट निर्धारण के संबंध में जिला यातायात समिति में प्रस्ताव रखा जाए। सर्वसम्मति से निर्णय के पश्चात ई-रिक्शा के लिये रूट निर्धारण करने और उसका पालन सुनिश्चित करने की कार्रवाई की जाए।
लेफ्ट टर्न फ्री
बैठक में लेफ्ट टर्न फ्री करने, ब्लैक स्पॉट को ठीक करने के साथ ही यातायात के लिये जहाँ आवश्यक हो वहाँ शाइनेज लगाने के निर्देश भी दिए गए। उल्लेखनीय है कि ग्वालियर शहर में ई-चालान के माध्यम से अब तक 4 करोड़ 17 लाख रूपए की राशि पुलिस विभाग द्वारा वसूल की गई है। इसके साथ ही ई-चालान घर तक पहुँचाने के लिये भी पुलिस विभाग के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है।
यातायात के प्रति जागरूकता बढ़े
एडीजी पुलिस डी श्रीनिवास वर्मा ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कराने के साथ-साथ आमजनों में यातायात के प्रति जागरूकता बढ़े, इस दिशा में भी प्रयास किए जाएँ। जहाँ आवश्यक है वहाँ सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएँ। शहर की प्रमुख सड़कों पर लेफ्ट टर्न फ्री कराए जाएँ और वहां पर शाइनेज भी लगाए जाएँ। बैठक में कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षकराजेश सिंह चंदेल ने भी यातायात प्रबंधन के संबंध में अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। नगर निगम के माध्यम से शहर के यातायात प्रबंधन के लिये कार्य किया जा रहा है। सुगम यातायात की व्यवस्था के लिये नए पार्किंग स्थल भी चिन्हित किए जा रहे हैं।