ग्वालियर में आज से शराब अहाता-कलारी बंद

ग्वालियर. 78 देशी व अंग्रेजी अहाते व कलारी शनिवार (एक अप्रैल 2023) से बंद हो जाएंगे। इन अहातों में औसतन हर दिन 50 हजार से अधिक लोग बैठकर शराब पीते थे। नई आबाकरी नीति के तहत शराब अहाते व कलारी बंद होने के बाद सड़क पर पुलिस के लिए चुनौती बढ़ जाएगी। शराब दुकानों के पास चार पहिया वाहनों में खड़े होकर शराब पीने वालों को काबू करना होगा। इतना ही नहीं शराब दुकानों के पास पार्क, सूनी सड़कों पर भी पुलिस को चौकसी बढ़ानी होगी। अहाते व कलारी बंद होने के बाद अब शौकीन शराब दुकान से शराब खरीद सकेंगे, लेकिन शराब का सेवन नहीं कर सकेंगे। पुलिस ने भी कमर कस ली है। शनिवार से शराब दुकानों के आसपास चैकिंग लगाई जाएगी। जिससे सड़कों पर शराब का सेवन करने वाले और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मध्य प्रदेश में काफी समय से शराबबंदी की मांग को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती लगातार अभियान चला रही थीं। यह साल चुनावी साल है इसलिए शिवराज सरकार पर काफी दबाव था। शिवराज सरकार को महिलाओं का वोट भी लेना था और शराबबंदी भी नहीं कर सकते थे, क्योंकि उससे मिलने वाला रेवेन्यू काफी जरुरी है। इसलिए शिवराज सरकार ने यह नई पहल की है। पूरे मध्य प्रदेश में 1 अप्रैल से लागू होने वाले नए सत्र के लिए आबकारी नीति परिवर्तन कर पूरे मध्य प्रदेश में आज शनिवार से अहाते, कलारी बंद हो गए हैं। ग्वालियर में 78 अहाते व कलारी हैं और इनमें हर दिन औसतन 50 से 55 हजार लोग शराब का सेवन करते थे। इनमें से 20 प्रतिशत तो बीयर बार में शिफ्ट हो जाएंगे, लेकिन 80 फीसदी लोग सड़कांे पर ही शराब का सेवन करेंगे इन्हें रोकना पुलिस के लिए चुनौती हो जाएगा।