ग्वालियर के अस्पतालों में अचानक बढ़ गए हैं ‘खांसी-बुखार’ के मरीज, सांस लेने में लोगों को हो रही तकलीफ
ग्वालियर. मौसम में बार-बार बदलाव आने से खांसी, बुखार के साथ अन्य बीमारियों के मरीज बढ़ गए हैं। इस समय दिन में गर्मी है और रात में हल्की ठंड है, इससे हर उम्र के लोग बीमारियों से पीड़ित हो रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा दिक्कत हार्ट के मरीजों को आ रही है। उनमें पंपिंग पावर कम होकर 30 से 35 प्रतिशत रह गई है, जिससे सांस लेने में तकलीफ हो रही है। इससे ऐसे मरीजों में संक्रमण बढ़ गया है। जेएएच के कार्डियोलॉजी में अधिकांश मरीज ऐसे आ रहे हैं, जिन्हें पहले हार्ट अटैक आ चुका है। ऐसे मरीजों में संक्रमण बढ़ने की शिकायत आ रही है। कार्डियोलॉजी में इन दिनों ऐसे 35 से 40 मरीज भर्ती हैं। निजी अस्पतालों में भी ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
फेफड़ों में संक्रमण से बढ़ रही परेशानी
इस समय अस्पतालों में अधिकांश ऐसे मरीज आ रहे हैं, जिनकी पंपिंग पावर कम है। फेफड़ों में संक्रमण के कारण यह समस्या आ रही है। इसमें ज्यादातर मरीज वह हैं, जिन्हें हर सीजन में परेशानी आती है। इन मरीजों को अपना विशेष ख्याल रखना चाहिए। क्योंकि इन मरीजों को निमोनिया के साथ अन्य परेशानी भी हो रही है। ऐसे मरीजों में पंपिंग पावर 30 से 35 प्रतिशत है, जिससे ज्यादा परेशानी हो रही है। ऐसे मरीजों को ठीक होने में 8 से 10 दिन लग रहे हैं।
हार्ट के मरीजों को परेशानी हो रही है
डॉ. राम रावत, कार्डियोलॉजिस्ट जीआरएमसी का कहना है कि मौसम में बदलाव से हार्ट के मरीजों को काफी परेशानी आ रही है। कई मरीजों को भर्ती होना पड़ रहा है। इस समय हर उम्र के लोग परेशान हो रहे हैं। डॉ. रवि डालमिया, कार्डियोलॉजिस्ट अपोलो हॉस्पिटल का कहना है कि ओपीडी में हर दिन हार्ट के 70 से 80 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें हार्ट के पुराने मरीजों में पंपिंग पावर की कमी देखने में आ रही है। जिनमें कुछ मरीजों को भर्ती किया जा रहा है।