दूध के दाम बढ़ने के कारण कुछ प्रोडक्ट के दाम बढ़े

ग्वालियर. नागरिकों पर पड़ रही महंगाई की मार रुकने का नाम नहीं ले रही है। अब ग्वालियर दुग्ध संघ (सांची) ने दूध के बाद अपने विभिन्न प्रोडक्ट के दाम भी बढ़ा दिए हैं। जिसके अंतर्गत सांची की रबड़ी, पेड़ा, पनीर, मीठा दही व लस्सी आदि महंगी हो गई हैं। छैना रबड़ी के 100 ग्राम के पैकेट पर 2 रुपए, 200 एमएल लस्सी पर 4 रुपए, 100 ग्राम मीठा दही पर 2 रुपए व आधा किलो पनीर पर 15 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही 500 ग्राम सांची का पेड़ा 20 रुपए व 250 ग्राम पेड़ा 10 रुपए महंगा कर दिया गया है।

सांची के अधिकारियों ने इस बढ़ोतरी का कारण दूध के दाम बढ़ जाने को बताया है। ग्वालियर दुग्ध संघ सांची के मार्केटिंग इंचार्ज पवन गुप्ता ने कहा कि ग्वालियर में सांची के विभिन्न प्रोडक्ट के बढ़े हुए दाम 5 मार्च से ही प्रभावी हो गए हैं। भोपाल में भी दाम बढ़े हैं, जो 11 मार्च को प्रभावी हुए हैं। हालांकि कुछ प्रोडक्ट के दाम यथावत हैं। दूध के दाम बढ़ने के कारण कुछ प्रोडक्ट के दाम बढ़े हैं।