ग्वालियर में गहने, रायफल के कारतूस, रशियन करेंसी ले गए चोर

ग्वालियर. चोर सूने घर के ताले चटकाकर नगदी, गहने के साथ ही रशियन मुद्रा और रायफल के कारतूस चोरी कर ले गए। पता चला है कि जिस घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया है वह पूरा परिवार भोपाल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। घटना थाटीपुर थाना क्षेत्र के दर्पण कॉलोनी की है। घटना का पता देर रात को परिवार के घर लौटने पर चला है। मामले का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब चोरों को तलाशने के लिए घर के आसपास लगे CCTV खंगाल रही है।

यह है पूरा मामला
शहर के थाटीपुर थाना क्षेत्र के 186 दर्पण कॉलोनी निवासी रामकिशोर पुत्र श्रीकृष्ण शर्मा अपने परिवार सहित 20 फरवरी को भोपाल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। सुरक्षा के लिहाज से घर पर ताले डाल कर पड़ोस में रहने वाले पड़ोसियों से घर की देखभाल सहित नजर रखने के लिए बोला था। देर रात को पड़ोसी महावीर प्रसाद मिश्रा ने सूचना दी कि उनके घर के ताले टूटे हुए हैं और सामान बिखरा पड़ा है। मामले का पता चलते ही वह वापस आए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।

यह सामान गया चोरी
चोरों के शिकार हुए परिवार ने बताया कि चोर उनके घर से नगदी पंद्रह हजार रुपए के साथ ही रशियन मुद्रा, पंद्रह रायफल के कारतूस, मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, दो सोने की अंगूठी तथा चांदी के आभूषण के साथ ही अन्य कीमती सामान पार कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश के लिए आस-पास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं।