दिल्ली, राजस्थान, UP में पारा 40 डिग्री पर पहुंचेगा! मार्च में ही पड़ सकती है मई-जून जैसी गर्मी

नई दिल्ली. फरवरी महीने के दौरान दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और भारत के कई दूसरे हिस्सों में पड़ रही गर्मी लोगों के लिए चौंकाने वाली है, मगर अब उनको और गर्मी का कहर झेलना होगा. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department-IMD) ने भविष्यवाणी की है कि उत्तर पश्चिमी और मध्य भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान (Maximum temperatures) अगले तीन दिनों और मार्च के पहले हफ्ते में अचानक बढ़ जाएगा. आईएमडी ने पहले ही भविष्यवाणी की थी कि इस साल सीजन की पहली हीटवेव (heatwave) फरवरी में ही आ जाएगी. आईएमडी ने कहा कि 2 मार्च तक भारत के उत्तर-पश्चिमी और मध्य भागों में तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी. इस बार का मार्च महीना दिल्ली में हाल के समय के सबसे गर्म मार्च में से एक साबित होने वाला है.

इस समय जहां दिल्ली में अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस के बीच है, वहीं कुछ जगहों पर ये 35-37 डिग्री सेल्सियस के आसपास है. अब आईएमडी ने भविष्यवाणी की है कि 2 मार्च तक तापमान में लगभग 3-6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरू होने की संभावना है. इसका मतलब है कि मार्च के पहले हफ्ते में दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा जैसे इलाकों और आसपास के अन्य शहरों में तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस तक देखा जा सकता है. अपने हालिया मौसम पूर्वानुमान में आईएमडी ने कहा कि अगले 3 दिनों के दौरान दक्षिण राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है.