अब प्रतिदिन डेढ़ लाख का जुर्माना वसूलने का लक्ष्य
ग्वालियर. स्मार्ट सिटी कारपोरेशन के इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से जनरेट होने वाले ई-चालानों में अनपेड की संख्या ज्यादा होने के कारण अब अधिकारियों ने प्रतिदिन डेढ़ लाख रुपए की राशि वसूलने का लक्ष्य रखा है। अभी आइटीएमएस द्वारा जनरेट चालानों के बदले औसतन एक लाख रुपये प्रतिदिन की राशि जमा होती है, लेकिन अब वित्तीय वर्ष करीब होने के कारण वसूली बढ़ाने पर जोर दिया गया है। हालांकि प्रदेशभर के पांच अलग-अलग शहरों में लगाए गए आइटीएमएस में सबसे ज्यादा वसूली का प्रतिशत ग्वालियर का ही है। ग्वालियर में जनरेट हुए चालानों में से सर्वाधिक 44 प्रतिशत वसूली हुई है, जबकि अन्य शहर अभी काफी पीछे हैं।
जेनरेट किए 1.92 लाख से अधिक चालान
आइटीएमएस से अभी तक 1.92 लाख से अधिक चालान जनरेट किए गए हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ 85 हजार लोगों ने ही जुर्माने की राशि जमा की है। इससे अनपेड चालानों की संख्या लगातार बढ़ती चली जा रही है। चालान जनरेट होने के बाद चार से पांच बार काल करने पर भी लोग चालानी राशि जमा नहीं कर रहे हैं। इसके चलते स्मार्ट सिटी कारपोरेशन को सिर्फ एक लाख रुपये प्रतिदिन की राशि ही मिल रही है। अब इसी राशि को बढ़ाकर डेढ़ लाख रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस के माध्यम से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को समझाइश दी जा रही है कि वे चालान की राशि जमा करें। अन्यथा फिर न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी। स्मार्ट सिटी सीईओ नीतू माथुर ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस का सहयोग लेकर प्रतिदिन होने वाली औसतन वसूली को बढ़ाने की कार्रवाई की जा रही है।