सीएम ने ग्वालियर को कायाकल्प अभियान के लिए 12.5 करोड़ रुपए दिए

ग्वालियर. शासन ने शहर की 23 सड़कों के उन्नयन के लिए नगर निगम को कायाकल्प अभियान के तहत 25 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृति की जा चुकी है। मुख्यमंत्री शिवराज ने भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ग्वालियर के खाते में एक क्लिक में 12.50 करोड़ रुपए की राशि भेजी। निगम उक्त राशि से सड़कों के उन्नयन का काम शुरू करेगा। निगम ने बाल भवन में आनलाइन कार्यक्रम को दिखाने की व्यवस्था की थी। सीएम ने प्रदेश के 413 नगरीय निकायों की सड़कों को कायाकल्प अभियान के लिए 750 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। इसके पहले चरण में 350 करोड़ रुपए की राशि एक क्लिक के माध्यम से खातों में पहुंचाई गई है। उक्त राशि में से ग्वालियर के खाते में 12.50 करोड़ रुपए मिले है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों के रख-रखाव का कार्य समय-सीमा में हो। अगले 15 से 20 दिन में टेन्डर की प्रक्रिया पूर्ण कर एजेंसी निर्धारित तय की जाए। इसके साथ ही मई तक सभी सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित की जाए। इससे वर्षा ऋतु में नागरिकों को सुविधा होगी। यह सुनिश्चित किया जाए कि कार्य गुणवत्तापूर्ण से किया जाए। बालभवन में आयोजित सीधे प्रसारण के दौरान अपर आयुक्त आर के श्रीवास्तव, उपायुक्त डाॅ प्रदीप श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।