श्योपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 4 की मौत, 40 श्रद्धालु घायल, 17 गंभीर

श्योपुर. मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में दो महिलाओं और एक बच्चे समेत 4 लोगों की दबने से मौत हो गई। ट्रैक्टर में 40 से ज्यादा श्रद्धालु भागवत कथा सुनकर घर लौट रहे थे। 17 लोग इसमें गंभीर रूप से घायल है। वहीं 40 लोग घायल है। इनमें बच्चे, महिला और पुरुष शामिल हैं।

ट्रॉली पलटने से कई लोग उसके नीचे दब गए
हादसा जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र के गोरस-श्यामपुर हाईवे पर रविवार दोपहर का हुआ। मुरैना और श्योपुर जिले के दो गांवों के मल्लाह केवट समाज के लोग श्योपुर के ढोढर थाना क्षेत्र के सांड गांव में भागवत कथा में शामिल होने गए थे। भागवत कथा के बाद भंडारे में शामिल होकर वे सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। श्यापुर कस्बे के पास एक मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई। ड्राइवर ने ट्रैक्टर को कंट्रोल करने की कोशिश की लेकिन तभी ट्रॉली पलट गई। ट्रॉली पलटने से कई लोग उसके नीचे दब गए। वे रोने-चिल्लाने लगे। तभी वहां से गुजर रही यात्री बस और 3-4 कार सवारों ने हिम्मत जुटाकर ट्रॉली को एक ओर से उठाकर उसके नीचे पत्थर लगाकर दबे हुए लोगों को निकाला। सूचना मिलने के बाद मौके पर रघुनाथपुर और वीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।