कांग्रेस नेता को मिला खून से लिखा धमकी भरा पत्र, पत्र भेजने वाले से कहा दम है तो सामने आओ

ग्वालियर. कांग्रेस नेता को 5 दिन के भीतर जान से मारने की धमकी से भरा पत्र मिला है। यह पत्र किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपने खून से लिख कर नेता के कार्यालय पर भेजा गया है। जब बुधवार की शाम को कांग्रेस नेता अपने कार्यालय पहुंचे तो उन्हें यह धमकी भरा पत्र मिला है। यह धमकी भरा पत्र खून से लिखा गया है। पत्र मिलते ही कांग्रेस नेता तत्काल थाने पहुंचे और मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने नेता की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धमकी और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है और साथ ही अब पुलिस कांग्रेस नेता के कार्यालय के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
क्या है पूरा मामला
शहर के सिरोल थाना पहुंचकर महलगांव निवासी कांग्रेस नेता रूपेश सिंह यादव ने शिकायत की है कि बुधवार शाम 5 बजे जब वो सचिन तेंदुलकर मार्ग पर बने अपने कार्यालय पहुंचे और उन्होंने जैसे ही अपने ऑफिस का गेट खोला तो उन्हें ऑफिस के गेट पर दो पन्ने का अज्ञात व्यक्ति द्वारा खून से लिखा धमकी भरा लेटर मिला है। लेटर के पहले पन्ने पर धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति ने लिखा है कि तुझे 5 दिन के अंदर ऊपर भेज देंगे, साथ ही अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए लिखा है कि SC, ST, OBC का कुछ नहीं कर पाओगे। फिर लिखा है स्वर्ण समाज जिंदाबाद, ब्राह्मण-ठाकुर एकता जिंदाबाद। वहीं दूसरे पन्ने पर लिखा है कि कमीने रुपेश यादव तू हरिजन की बहुत तरफदारी करता है, तेरे चक्कर मे SC, ST, OBC के बहुत चिरकुट ज्यादा उड़ने लगे है। पुलिस ने कांग्रेस नेता की शिकायत पर लेटर के जरिए धमकी देने वाले अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस धमकी वाला लेटर देने वाले आरोपी की तलाश के लिए कांग्रेस नेता के ऑफिस और उसके आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाल रही है जिससे धमकी देने वाले आरोपी की तलाश की जा सके।
पत्र भेजने वाले से कहा दम है तो सामने आओ
खून से सने धमकी भरे पत्र पर कांग्रेस नेता रूपेश यादव ने बताया है कि आज शाम जब मैं अपने कार्यालय पर पहुंचा तो किसी अनजान शख्स द्वारा खून से लिखा धमकी भरा पत्र मेरे ऑफिस पर डाल दिया था। पत्र मिलने के बाद जब मैं थाने पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई है। मैं उस पत्र को भेजने वाले यह कहना चाहता हूं कि अगर दम है तो सामने आये। उसके बाद देख लेंगे कि किसमें कितना दम हैं।