18 फरवरी को 12 चीतों को दक्षिण अफ्रीका से ग्वालियर लाया जाएगा
ग्वालियर. श्योपुर जिले के कूनो अभयारण्य में पांच दिन बाद यानी 18 फरवरी को चीतों का कुनबा बड़ा हो जाएगा। यहां चीतों की दूसरी खेप दक्षिण अफ्रीका से आ रही है। इसके साथ ही यहां चीतों की संख्या 8 से बढ़कर 20 हो जाएगी। इससे पहले पिछले साल सितंबर में यहां 8 चीते नामीबिया से लाए गए थे। ये चीतों की पहली खेप थी जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद बाड़े में रिलीज किया था। इस बार सीएम शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्रसिंह चीतों को रिलीज करेंगे। इस बार चीतों को दक्षिण अफ्रीका से कूनो लाने के लिए ट्रायड एंड टेस्टेड रूट का इस्तेमाल किया जाएगा। यानी जिस रूट से पिछली बार चीते लाए गए थे उसी रूट से इस बार भी कूनो लाए जाएंगे।
कूनो प्रशासन ने सारी तैयारियां लगभग पूरी कर ली
18 फरवरी को विशेष विमान से 12 चीतों को दक्षिण अफ्रीका से पहले ग्वालियर लाया जाएगा, इसके बाद वायुसेना के मालवाहक हेलीकॉप्टर से ग्वालियर से कूनो लाया जाएगा। दक्षिण अफ्रीका से चीतों को कूनों लाने के लिए चीता टास्क फोर्स के अधिकारी और कूनो एसडीओ अमृतांशु दक्षिण अफ्रीका पहुंच चुके हैं। इधर कूनो प्रशासन ने सारी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं, अब सिर्फ चीतों के स्वागत की तैयारियां तेजी के साथ की जा रही हैं।
क्वारंटाइन के लिए 10 बाड़े तैयार
दक्षिण अफ्रीका से जिन 12 चीतों को कूनो लाया जा रहा है उन्हें पहले कम से कम 30 दिन के लिए क्वारंटाइन किया जाएगा। इसके लिए यहां 10 बाडे़ तैयार किए जा चुके हैं। चीतों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और ड्रोन कैमरा से लेकर, आर्म्ड सिक्योरिटी गार्ड, वन कर्मी और डॉग स्कवॉड टीम तैनात कर दी गई है, जो चीतों और उनके बाड़ों के आसपास तैनात रहकर, वाच टावरों व गश्त करके जंगल की हर गतिविधि पर नजर रखेंगे।
इंदौर वायुसेना के विशेष मालवाहक हेलीकॉप्टर उन्हें ग्वालियर से कूनो लाएंगे
17 फरवरी को विशेष विमान दक्षिण अफ्रीका से 12 चीतों को लिफ्ट करके रवाना होगा। 18 की सुबह पहले ग्वालियर लाएगा। इसके बाद इंदौर वायुसेना के विशेष मालवाहक हेलीकॉप्टर उन्हें ग्वालियर से कूनो लाएंगे। यहां बता दें कि कूनो के अंदर पहले से ही पांच हेलीपैड बनकर तैयार हैं, जिनका पीआईयू और कूनो के अधिकारी निरीक्षण भी कर चुके हैं। 18 फरवरी को सुबह करीब 10 से दोपहर 1 बजे के बीच चीतों को कूनो के क्वारंटाइन बाड़ों में रिलीज किया जाएगा।