ग्वालियर में हास्पिटल रोड पर सिर्फ दिखावे की कार्रवाई, दूसरे ही दिन अधिकारी फिर भूले
ग्वालियर. हास्पिटल रोड पर दिनभर पहले जैसे ही हालात रहे। यहां मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस ने दिखावे की कार्रवाई की, लेकिन अगले ही दिन यहां न तो ट्रैफिक पुलिस नजर आई न ही नगर निगम का अमला। इसके चलते मनमानी पार्किंग से सड़क घिरी रही। दिन में यहां कई बार गाड़ियां फंसी, जिससे आम लोगों को परेशानी हुई। वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश को निचले अमले ने हवा में उड़ा दिया है। दरअसल हास्पिटल रोड पर सड़क के दोनों तरफ अनाधिकृत रूप् से खड़े होने वाले यातायात बिगाड़ रहे हैं।
आधी से ज्यादा सड़क पर कब्जा
अचलेश्वर मंदिर की ओर से नया बाजार, कंपू की ओर जाने वाले वाहन चालक आसानी से इस मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। इस पर सुगम यातायात होने से इंदरगंज चौराहे पर भी ट्रैफिक लोड कम होगा, लेकिन मनमानी पार्किंग से यहां आधी से ज्यादा सड़क पर कब्जा हो गया है। न ट्रैफिक पुलिस इस पर कार्रवाई करती है न ही नगर निगम का अमला। हास्पिटल के डाक्टर से लेकर अटेंडर और एंबुलेंस तक यहां खड़ी रहती हैं। मंगलवार को ट्रैफिक अमला यहां कार्रवाई करने पहुंचा था। कुछ देर यहां कार्रवाई की, यहां खड़ी कार हटवाई गई। लेकिन यहां कोई झांकने तक नहीं पहुंचा। जबकि इस सड़क पर कार्रवाई को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों ने भी निर्देश दिए थे।