ग्वालियर में स्कूल वैन में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

ग्वालियर. एक स्कूली वैन में अचानक आग लग गई है। घटना सीपी कॉलोनी प्रगति विद्यापीठ स्कूल के पास की है। चालक ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई है। घटना के समय वैन में एक भी बच्चा सवार नहीं था। दस मिनट पहले ही तीन बच्चों को वैन चालक ने सीपी कॉलोनी में उतारा था। यदि बच्चे गाड़ी में होते तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी। आग की सूचना स्थानीय लोगों ने फायर बिग्रेड को दी लेकिन कई बार फोन लगाने पर भी फायर बिग्रेड स्पॉट पर नहीं पहुंची। सूचना देने के करीब 45 मिनट बाद मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड ने आग पर पानी फायर कर उसे बुझा दिया, लेकिन तब तक वैन जलकर राख हो गई थी।

यह था पूरा मामला
ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र के 7 नंबर चौराहा के पास स्थित सीपी कॉलोनी में बच्चों को छोड़ कर आ रही वैन क्रमांक MP07 BA-0412 में अचानक शार्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। समय रहते स्थानीय लोगों की सतर्कता के कारण वैन के चालक हरिओम पाठक ने वैन से कूदकर अपनी जान बचा ली। वैन के चालक हरिओम पाठक का कहना था कि वह प्रगति विद्या पीठ मंदिर स्कूल के बच्चे छुट्टी होने के बाद घर छोड़कर आ रहा था तभी सीपी कॉलोनी पर एक क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर ने उसे वैन में आग लगने की आवाज देकर घटना बताई थी। चालक का कहना है कि वैन सीएनजी और पेट्रोल पर चलती है वह वैन को पेट्रोल से स्टार्ट करता है और सीएनजी का स्वीच दबाकर कन्वर्ट कर देता है जिसके कारण यह आग लगी है। आग का पता लगते ही वैन के चालक और स्थानीय लोगों ने कई बार फोन लगाकर फायर बिग्रेड को सूचना दी, लेकिन फायर बिग्रेड को स्पॉट पर पहुंचने में 45 मिनट लग गए। जब फायर बिग्रेड पहुंची तो गाड़ी पूरी जल चुकी थी। इसके बाद भी फायर बिग्रेड से पानी फायरिंग कर आग पर काबू पाया।