जेलर के लॉकर ने उगला 31 लाख का सोना, 2.14 करोड़ की सम्पत्ति मिल चुकी
मुरैना. अंचल के मुरैना जेल में बतौर प्रभारी जेलर पदस्थ हरिओम पाराशर (शर्मा) के घर पर लोकायुक्त के छापे के दो दिन बाद जेलर का लॉकर खोला गया है। लोकायुक्त पुलिस ने जेलर के गोला का मंदिर स्थित कैनरा बैंक में लॉकर खाेला तो आंखे सोने देखकर हैरत में पड़ गईं। लॉकर से 544 ग्राम सोना जिसमें 21 आइटम मिले हैं। जिनमें सोने की टाइपिन, चेन, नेकलेस, मंगलसूत्र के अलावा एक दक्षिणी हार है। इसके अलावा एक लाख रुपए कैश मिला है। जेलर की एक नई FD पौने दो लाख रुपए की भी मिली है। अभी तक जेलर के घर से दो करोड़ रुपए से ज्यादा का माल मिल चुका है। अब लोकायुक्त उनके घर से मिले दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है।
जेलर का खास प्रहरी बना छापे की वजह
मुरैना जेल के प्रभारी जेलर पर लोकायुक्त ने जिस प्रकरण में जांच कर छापे की कार्रवाई की उसकी एक शिकायत जेल विभाग के साथी कर्मचारी ने भी दस्तावेज के साथ की थी। यह साथी जेलर का खास व ग्वालियर में भी पदस्थ रहा है। दोनों के बीच काफी घनिष्ठता थी, लेकिन किसी बात पर बिगड़ी तो शिकायत शिकवा तक बात आ गई। हरिओम पाराशर अपने कार्यकाल मंे ग्वालियर, मुरैना सहित रीवा, पोहरी, सिवनी, मालवा, होशंागाबाद में भी पदस्थ रहे हैं। रीवा में दो बार पदस्थ रहे हैं।
यह है पूरा मामला
मुरैना जेल में पदस्थ जेलर हरिओम शर्मा के गोला का मंदिर कृष्णा कॉलोनी के कृष्णा अपार्टमेंट घर पर 28 जनवरी सुबह करीब 7 बजे लोकायुक्त पुलिस ने छापामार कार्रवाई की है। जेलर के ग्वालियर गोला का मंदिर कृष्णा अपार्टमेंट स्थित घर और मुरैना जेल परिसर स्थित आवाज पर एक साथ लोकायुक्त की टीमें पहुंची। घर में अचानक लोकायुक्त के अफसरों को देखकर जेलर हरिओम पाराशर की सांसे फूल गईं और उन्हें चक्कर आ गए। इसके बाद लोकायुक्त टीम के साथ मौजूद डॉक्टर ने उपचार किया। कुछ देर में वह ठीक हो गए। इसके बाद घर की छानबीन की गई तो उनकी संपत्ति को देखकर लोकायुक्त की टीम दंग रह गई। घर, फ्लैट के अलावा गहने, कैश, प्लॉट का खुलासा तो हुआ ही साथ ही लाखों रूपए की कैश भी मिला। इसके अलावा मुरैना स्थित सरकारी बंगले पर भी छापामार कार्रवाई में लाखों रुपए का सामान मिला।
अब तक 2.14 करोड़ की सम्पत्ति मिल चुकी है
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार जेलर की अब तक की आमदनी 70 लाख 13 हजार 130 रुपए है। जबकि छापामार कार्रवाई में पहले दिन घर से 1 करोड 82 लाख 84 हजार 326 रुपए का खुलासा हुआ था, जो कि आमदनी से 118 प्रतिशत अधिक पाया गया है। इसके बाद कैनरा बैंक के लॉकर से लगभग 31 लाख रुपए का सोना, कैश व पौने दो लाख का फिक्स डिपोजिट और मिला है।