ग्वालियर मेले में लड़कियों को छेड़ने वाले बोले, चाहे पीट लो लेकिन घरवाली को मत बताना
ग्वालियर. मेला घूमने की आड़ में लड़कियों और युवतियों से हरकत करने में 11 मनचले पुलिस के हाथ आ गए। हरकत करने वालों में शादीशुदा भी शामिल थे। इन्हें घेरने के लिए महिला पुलिस की टीम सादा लिवास में मेले में थी। लेडी पुलिस को इन मनचलों ने आम लड़कियां समझ कर हरकतें कीं। जब धरे गए तो इनके होश उड़ गए। किसी ने कान पकड़ कर दोबारा हरकत नहीं करने की कसम खाई तो कोई बोला बच्चों के लिए खिलौने खरीदने आया था। भीड़ में लड़की को धोखे से धक्का लग गया। कसम खाता हूं दोबारा देखकर चलूंगा।
मनचले भांप नहीं पाएं कि जिन्हें छेड़ रहे हैं वह पुलिस वाली हैं
ग्वालियर मेले में इन दिनों काफी भीड़ है, इसमें मनचले जरूर होंगे, इसलिए महिला पुलिस की टीम छत्री नंबर 26, 18 और झूला सेक्टर पर पहुंच गई। हरकत करने वाले पहचान नहीं पाएं इसलिए टीम की सदस्य सादा लिवास में सैलानी बनकर मेले में थी। मनचले भांप नहीं पाएं कि जिन्हें छेड़ रहे हैं वह पुलिस वाली हैं। इस झांसे में पुरानी छावनी का रामवीर भी फंस गया। उसने भीड़ का फायदा उठाकर टीम की सदस्य को धक्का दिया। टोका तो रामवीर ने आंखें भी दिखाईं, जब उसे पकड़ लिया तो दलीलें दी कि वह खेत में आलू खोद रहा था। मेला घूमने को मन हुआ तो चला आया। अब दोबारा गलती नहीं करेगा।
पत्नी से शिकायत करें, सुना तो कान पकड़े
झूला सेक्टर में भी मनचला लड़कियों के फोटो खींचने की कोशिश में हाथ आया तो उसने दलीलें दी कि बच्चे खिलौने की जिद कर रहे थे, इसलिए मेला आया था। मेले का फोटो खींचने के लिए झूले पर चढ़ा था। कैमरे के सामने लड़की आ गई। जब पत्नी से उसकी शिकायत करने की धमकी दी तो हाथ जोड़कर बैठ गया। बोला पुलिस चाहे तो पीट ले, लेकिन पत्नी को मत बताना। वह बुरा हाल कर देगी।