एटीएम कटर गैंग से हुआ पुलिस का आमना-सामना तो कार छोड़कर भागे बदमाश, कार में मिले गैस कटर, 2 मोबाइल, 2 एटीएम
ग्वालियर. बुधवार और गुरूवार की रात में एटीएम कटर की एक गिरोह से पुलिस की क्राइम ब्रांच आमना-सामना हो गया इसके बाद पुलिस ने एटीएम कटर की कार का पीछा किया। एटीएम गिरोह पुलिस को देखकर दहशत में आ गये और इस बीच उनकी कार एक दीवार से टकरा गयी तो वह मौके पर कार छोड़ कर भाग गये। जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो कार की जांच पड़ताल में पुलिस को कार की डिग्गी में गैस कटर सहित एटीएम काटने के औजार, 2 मोबाइल व 2 एटीएम कार्ड मिले हैं।
गौरतलब है कि मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात ग्वालियर-मुरैना में 3 एटीएम काट कर बदमाश 67 लाख रूपये लूट कर ले गये थे। ग्वालियर और मुरैना की पुलिस इन बदमाशों की तलाश में पुलिस और क्राइम ब्रांच की 6 टीमें जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। 2 टीम राजस्थान व हरियाणा में डेरा जमाये हुए है और 2 टीम टोल नाको पर जांच -पड़ताल कर रही है। गुरूवार को एडीजी डी श्रीनिवास वर्मा व एसएसपी अमित सांघी ने एटीएम कटर गैंग की पड़ताल की समीक्षा कर टीम को टास्क दिये है। ऐसा बताया गया है कि पिछली रात करीब 3 बजे ग्वालियर- मुरैना हाइवे पर एक स्कॉडा कार नम्बर डीएल6सीएम 4241 ग्वालियर से मुरैना की ओर जाते हुए जडेरूआ गांव के पास नूराबाद पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इस पर ड्रायवर ने कार की स्पीड़ बढ़ा दी। पुलिस ने पीछा किया तब कार कुछ आगे जाने के बाद वापिस ग्वालियर की ओर आयी और इंडस्ट्रियल एरिया की दीवार से टकरा गयी और बदमाश कार छोड़ कर भाग गये। इस घटना के बाद ग्वालियर समेत हाइवे के सभी चेकिंग प्वांइट को सक्रिय कर दिया।
एटीएम कटर गैंग की तलाश में पुलिस पार्टी हरियाणा व राजस्थान में भेजी गयी है जिसमें कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और संदिग्धों से पूछताछ कर एटीएम काटने वाले बदमाशों की शिनाख्त की जा रही है।
राजेश दंडोतिया, एएसपी, क्राइम ब्रांच
टोल नाकों पर सीसीटीवी फुटेज की जांच-पड़ताल जारी
ब्दमाशों की कार के मुरैना से आगे के टोल नाकों परद फिलहाल कोई फुटेज नहीं मिले हैं। हालांकि पुलिस को शहर में प्रवेश करने में 3 संदिग्ध कारों के फुटेज मिले हैं जिनकी जांच की जा रही है। ऐसा समझा जा रहा है कि एटीएम काटने वाले बदमाशों ने संभवतः शहर में प्रवेश करने के बाद ग्वालियर की नम्बर प्लेट को लगाया और मुरैना निकलने के बाद फिर प्लेट को बदल लिया है।