Punjab: PCS अधिकारी की गिरफ्तारी पर मचा घमासान, दफ्तरों में पसरा सन्नाटा, जानें पूरा मामला

चंडीगढ़. लुधियाना (Ludhiana) में गिरफ्तार PCS अधिकारी नरिंदर सिंह धालीवाल को 14 दिन की न्यायिक हिरासत (PCS Officer Arrested in Ludhiana) में भेज दिया गया है. 2014 बैच के अधिकारी धालीवाल पर लुधियाना जिले को पार करते समय किसी भी उल्लंघन के लिए चालान नहीं जारी करने के बहाने ट्रांसपोर्टरों से हर महीने लाखों रुपये रिश्वत लेने का आरोप है. हालांकि पीसीएस अधिकारी संघ (PCS Officers Association) का दावा है कि अधिकारी को उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना अवैध रूप से गिरफ्तार किया गया था. इस बीच पंजाब में पीसीएस अधिकारी, राजस्व, लिपिक कर्मचारियों की हड़ताल जारी है, जिसके चलते आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. आम लोगों ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में पीसीएस अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों द्वारा सामूहिक अवकाश लेना पूरी तरह से अनुचित है.

उपायुक्तों, सिविल सचिवालयों, संभागीय आयुक्तों और राजस्व कार्यालयों में सन्नाटा पसरा हुआ है. क्योंकि सभी जिलों में अधिकारियों और लिपिकों ने अपना विरोध अवकाश जारी रखा है. कड़कड़ाती ठंड में खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से जिला मुख्यालयों पर अपना काम करवाने के लिए आए वरिष्ठ नागरिकों सहित आम लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है. पीसीएस ऑफिसर्स एसोसिएशन ने अपने सहयोगी नरिंदर सिंह धालीवाल, सचिव, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए), लुधियाना की गिरफ्तारी के विरोध में 13 जनवरी तक सामूहिक आकस्मिक अवकाश की घोषणा की है. धालीवाल को भ्रष्टाचार के एक मामले में सतर्कता ब्यूरो द्वारा 6 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था. पूरे पंजाब में कम से कम 235 पीसीएस अधिकारी अब सामूहिक आकस्मिक अवकाश पर हैं. वहीं संघ 14 जनवरी को अपनी अगली कार्रवाई की घोषणा करेगा.