शहर में 47 फीसदी लाइन लॉस, अब 70 हजार स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी
ग्वालियर. ट्रांसफार्मर लोड, सप्लाई केबिल समेत कई काम करने के बाद भी शहर में बिजली चोरी एवं वितरण के दौरान होने वाला नुकसान पिछले एक वर्ष से 47 प्रतिशत पर ही टिका है। अब विद्युत वितरण कंपनी फिर से मीटर बदलने की तैयारी में है। कंपनी स्मार्ट मीटर लगाएगी। पहले चरण में 70 हजार उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। बिजली कंपनी के जीएम सिटी सर्किल नितिन मांगलिक ने कहा कि चोरी एवं वितरण में होने वाले लॉस को कम करने के लिए हम अभियान चलाकर बिजली चोरी पकड़ रहे हैं। वहीं मेंटेनेंस व उपकरण बदले जाने की प्रक्रिया चल रही है। कंपनी अगले 6-7 महीने में स्मार्ट मीटर लगाना शुरू किए जाएंगे।
अभी एएमआर कर रहे काम
एएमआर: 10 किलोवॉट से अधिक भार वाले उपभोक्ताओं के यहां ऑटोमैटिक मीटर रीडिंग (एएमआर) सिस्टम से रीडिंग ली जा रही है। शहर में एेसे 2600 उपभोक्ता हैं और उनके यहां ये मीटर लगने के बाद बिजली खपत व बिलिंग में अंतर भी आया है। ये मीटर कंपनी दफ्तर में लगे सर्वर से कनेक्ट रहते हैं। मीटर टेंपरिंग या लाइन बायपास करने पर सर्वर पर इसकी सूचना मिल जाती है।
स्मार्ट मीटर: आरडीएसएच योजना के तहत स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं। ये मीटर लगने के बाद उपभोक्ता द्वारा लोड से अधिक उपयोग बिजली किए जाने पर और मीटर से छेड़छाड़ आदि की जानकारी दफ्तर में मिलेगी। इसके अलावा किसी गड़बड़ी पर या बिल भुगतान न होने पर कंपनी दफ्तर से ही संबंधित उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन बंद किया जा सकेगा।