रेलवे स्टेशन के दुकानदारों को ISBT पहुंचाया जाए, सांसद नाराज दिखे
ग्वालियर. अंचल को मिलने वाली सबसे बड़ी सौगात हजार बिस्तर के अस्पताल में कितने बेड हैं, यह गजराराजा मेडिकल कालेज के डीन ही नहीं बता पाए। यहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कह दिया कि यह सब तो जुबां पर रटा होना चाहिए। आपको आपके विभाग के बारे में हीं नहीं पता, हमें अपने विभाग के आंकड़े सब पता हैं। टूटे-टूटे शब्दों में डीन बताने का प्रयास कर रहे थे और देखकर बताने की बात कहने लगे, यही सिंधिया को अच्छा नहीं लगा। हजार बिस्तर के जनरल वार्ड में एसी न लगाने पर सांसद विवेक शेजवलकर ने कहा कि यह क्या अजीब बात है, देश में और भी जगह जनरल वार्ड में एसी लगते हैं, इससे पहले डीन ने आग की घटना का तर्क दिया था, जिस पर सांसद नाराज दिखे। रविवार को कलेक्ट्रेट में शहर के विकास कार्याें की बैठक में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चार बड़े प्रोजेक्टों पर विशेष फोकस किया, जिसमें हजार बिस्तर अस्पताल, मुरार नदी जीर्णाेद्वार और एलिवेटेड रोड शामिल हैं।
रेलवे स्टेशन के दुकानदारों को आइएसबीटी पहुंचाया जाए
रेलवे स्टेशन री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट की प्रजेंटेशन देखने के दौरान सिंधिया को कुछ तथ्य स्पष्ट नहीं हो रहे थे। वे अचानक उठ खड़े हुए और प्रोजेक्टर स्क्रीन के पास आ गए। उन्होंने कहा कि इसमें तानसेन नगर रोड पर रेलवे बाउंड्रीवाल को और अंदर कर रोड को फोरलेन किया जा सकता है। । अगली बैठक के एजेंडे में महाराज बाड़ा सुंदरीकरण, पट्टा वितरण, टूरिस्ट प्लान, शहर की पेयजल योजना के तीनों भाग, शासकीय मुद्रणालय, शहर के चारों प्रवेश द्वार, शहर में प्रस्तावित हैरिटेज रेल और स्वच्छता को शामिल किया है। बैठक में किसी का मोबाइल बजने पर भी सिंधिया नाराज हुए।