ग्वालियर में एयरपोर्ट कर्मचारी की पत्नी ने फांसी लगाई, मौत

ग्वालियर. एयरपोर्ट कर्मचारी के ड्यूटी पर जाते ही पत्नी ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना महाराजपुरा के डीडी नगर स्थित चावला मार्केट के पास की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर शव को डेड हाउस में रखवा दिया गया है। महिला के डिप्रेशन में होने की बात पुलिस का पता लगी है। अब मौत के पीछे वही डिप्रेशन कारण है या नहीं पुलिस जांच कर रही है। साथ ही पता लगाया जा रहा है कि डिप्रेशन का कारण क्या था।

लंच के लिए वापस आए तो दरवाजा अंदर से बंद था
शहर के महाराजपुरा के डीडी नगर स्थित चावला मार्केट के पास निवासी कुवेर सिंह मीना (37) सिविल एयरपोर्ट पर कर्मचारी है। मूलत: वह धौलपुर राजस्थान के रहने वाले हैं। यहां पर वह पत्नी रीना कुमारी (28) व दो बच्चों के साथ रहते है। रोजाना की तरह वह सुबह अपनी ड्यूटी के लिए एयरपोर्ट निकले थे। दोपहर में जब वह लंच के लिए वापस आए तो दरवाजा अंदर से बंद था और काफी खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई हलचल नहीं हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर आई और जांच के बाद अंदर पहुंची तो रीना पंखे से बंधे फंदे पर लटकी हुई थी और उसकी नब्ज टटोली तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। महिला की मौत का पता चलते ही पुलिस ने शव को पीएम हाउस भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। बताया गया है कि मृतका के दो छोटे-छोटे बच्चे है जो घटना के समय घर में ही सो रहे थे।

कुछ दिनों से थी डिप्रेशन में
पुलिस जांच में पता चला है कि कुछ दिनों से मृतका डिप्रेशन में थी और काफी चिढ़चिडी हो गई थी। पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को सूचना दी। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और अभी कोई आरोप नहीं लगाया है। जिसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया है।