ग्वालियर में VVIP रोड पर गड्ढा, रोज हो रहे हादसे, छात्र की बाइक गड्ढे में गिरी व 10 फीट तक घिसटता चला गया
ग्वालियर. शहर में VVIP रोड कही जाने वाली गांधी रोड पर एसएसपी बंगला और कुटुम्ब न्यायालय के बीच सड़क किनारे लापरवाही से खोदे गए गड्ढे और उसे वैसे ही मिट्टी भरकर ढकने से रोज हादसे हो रहे हैं। गड्ढे की मिट्टी धसक गई है और वहां कोई वैरीकेड्स भी नहीं लगे हैं। आए दिन वाहन चालक इस अनदेखे गड्ढे से हादसे का शिकार हो रहे हैं। बीते चार दिन में पांच हादसे हो चुके हैं। 31 दिसंबर की शाम एक BBA के छात्र की बाइक गड्ढे में पड़ी और वह सड़क पर 10 फीट तक घिसटता चला गया। हेलमेट पहने होने पर उसका सिर तो बच गया, लेकिन गर्दन से लेकर पूरे शरीर में कई जगह गंभीर चोट है। छात्र को बिड़ला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घायल छात्र के पिता ने एसएसपी को आवेदन कर लापरवाही से गड्ढा खोदने और उसे इस तरह छोड़ने वालों पर मामला दर्ज करने की मांग की है।
शहर के मुरार स्थित जमुना दाई का मोहल्ला निवासी आशीष सरदाना एक प्राइवेट बैंक में कर्मचारी हैं। उनका बेटा वरुण सरदाना (21) BBA का स्टूडेंट है। वह 31 दिसंबर को थाटीपुर से स्टेशन बजरिया की ओर जा रहा था। वह अपनी बाइक से अभी एसएसपी का बंगला से आगे ही गांधी रोड पर निकला था कि अचानक सड़क पर गड्ढ़ा देख वह बाइक को संभाल नहीं पाया। गड्ढे में बाइक का पहिया आते ही गाड़ी वहीं फंसी रह गई। पर छात्र सड़क पर गिरा और करीब 10 फीट तक घिसटता चला गया। किस्मत से छात्र हेलमेट पहने था इसलिए सिर में चोट लगने से बच गया, लेकिन गर्दन में गंभीर चोट है, रीड़ की हड्डी में भी धमक लगी है और पूरे शरीर में कई जगह चोट है। घटना के बाद राहगीरों ने छात्र के परिजन को सूचना दी। जिसके बाद छात्र को गंभीर हालत में बिड़ला हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। अभी भी छात्र का ईलाज चल रहा है। मंगलवार को छात्र के पिता आशीष सरदाना ने एसएसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत की है कि गड्ढे को लापरवाही से खोदने फिर खानापूर्ति कर भरकर चले जाने और हादसों के लिए इस तरह छोड़ देने वालों के खिलाफ एक्शन लिया जाए और मामला दर्ज किया जाए।