ग्वालियर किले पर मिला सतना के छात्र का कंकाल

ग्वालियर. किले पर शुक्रवार रात सतना पुलिस को साथ लेकर पड़ाव पुलिस ने सर्चिंग अभियान चलाया। इसमें सतना के मैहर से लापता 17 साल के संदीप कुशवाह का कंकालनुमा शव मिला है। अभी शव के रूप में छात्र के हाथ और पैर मिले हैं। 24 अगस्त 2022 काे छात्र किले पर हादसे का शिकार हुआ था।

4 महीने बाद खाई से कंकाल मिला
छात्र अपने साथी सुनील कॉल के साथ ग्वालियर भागकर आया था। 24 अगस्त को उसने दोस्त को वीडियो बनाने के लिए कहा। किसी लड़की को कूदने का वीडियो वह भेजना चाहता था, लेकिन इस दौरान हादसा हो गया। पैर फिसलने से वह खाई में जा गिरा। घबराकर दोस्त सतना लौट गया। इस दौरान सतना से छात्र के परिजन दो बार ग्वालियर भी आ चुके हैं, लेकिन पुलिस से मदद नहीं मिली। 2 दिन पहले मृतक के साथ आए छात्र के मोबाइल में घटना का वीडियो मिला। उसके बाद परिजन सतना से पुलिस लेकर ग्वालियर पहुंचे। तलाश करने पर चार महीने बाद खाई से कंकाल मिला है। अब कंकाल का डीएनए कराया जाएगा।