सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए क्रिकेटर ऋषभ पंत
देहरादून. सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए क्रिकेटर ऋषभ पंत के इलाज का पूरा खर्चा पुष्कर सिंह धामी सरकार उठाएगी. साथ ही अगर जरूरत पड़ी तो उन्हें एयरलिफ्ट करने की भी व्यवस्था करने के निर्देश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तरफ से दिए गए हैं. मुख्यमंत्री धामी ने सड़क दुर्घटना में घायल क्रिकेटर ऋषभ पंत के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली और उनके समुचित इलाज की सभी संभव व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. मुख्यमंत्री ने ऋषभ पंत के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि उनके इलाज का पूरा खर्चा राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा. अगर एयर एम्बुलेंस की आवश्यकता होती है तो उसकी भी व्यवस्था की जाएगी.
गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार का शुक्रवार सुबह लगभग 5:30 बजे कोतवाली मंगलोर क्षेत्रांतर्गत मोहम्मदपुर जट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई. ड्राइवर को झपकी आने की वजह से कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई. जिसके बाद कार में आग लग गई. कार पूरी तरह से जलकर राख हो गई. हादसे की सूचना पर 108 एम्बुलेंस व हरिद्वार पुलिस मौके पर पहुंची और ऋषभ पंत को रुड़की अस्पताल में एडमिट कराया गया. वहां से उन्हें देहरादून के मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया गया.नए साल में परिवार से मिलने जा रहे थे रुड़की
जानकारी के मुताबिक हादसा हरिद्वार जिले की रुड़की तहसील के मंगलौर कोतवाली इलाके में हुआ, जब क्रिकेटर ऋषभ पंत नए साल पर अपने परिवार से मिलने रुड़की आ रहे थे. दिल्ली-रुड़की हाइवे पर गुरुकुल नारसन के मोहम्मदपुर जट इलाके में ऋषभ पंत की कार अचानक डिवाइडर से टकरा गई. हादसा इतना भीषण था कि डिवाइडर से टकराते ही कार में आग लग गई. स्थानीय लोगों ने किसी तरह क्रिकेटर ऋषभ पंत को कार से बाहर निकाला. पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और ऋषभ को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया.
हाथ-पैर में फ्रैक्चर की खबर
बताया जा रहा है कि ऋषभ पंत के हाथ और पैर में कुछ फ्रैक्चर व कुछ अंदरूनी चोटें लगी हैं. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों से ऋषभ पंत के बारे में जाना और अच्छे से अच्छा इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए. जानकारी के मुताबिक ऋषभ को देहरादून के मैक्स अस्पताल रेफर किया गया है. ऋषभ पंत के सड़क हादसे में घायल होने की खबर जैसे ही सोशल मीडिया में फैली लोग उनके लिए प्रार्थना करने लगे. लोग ऋषभ के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.