अभय हत्याकांड के आरोपियों के मकान तोड़ने के आश्वासन के बाद ही परिजनों ने किया चक्काजाम समाप्त
ग्वालियर. कॉलेज संचालक के पुत्र के शव को सिटीसेंटर स्थित सत्यम टॉवर के बाहर सड़क पर रखकर परिजन व स्थानीय निवासियों ने चक्काजाम किया। जाम करने वाले अभय उर्फ प्रखर की हत्या में किसी अन्य प्रभावशाली व्यक्ति द्वारा कराये जाने की आशंका जता रहे हैं। मृतक के परिजनों ने आरोपियों के मकान तोड़ने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने जांच का भरोसा देकर जाम समाप्त किया। हत्या के तीसरे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करन वर्मा ने उसे नगरनिगम में नौकरी का भरोसा दिया था। शव फेंकने में मदद करने पर उसे 2 लाख रूपये देने के लिये कहा था।
कॉलेज संचालक प्रशांत परमार के पुत्र अभय उर्फ प्रखर के शव का झांसी में पोस्टमार्टम किया गया। शव ग्वालियर पहुंचने के पूर्व ही परिजन ने गुरूवार को दोपहर सत्यम टावर के पास चक्काजाम कर दिया। मृतक के परिजन ने हत्या में किसी प्रभावशाली व्यक्ति का हाथ होने का संदेह जताया।
परिजन का कहना था नगर निगम कर्मी ने किसी अन्य के व्यक्ति के इशारे पर अभय की हत्या की है। हत्या के आरोपियों के मकान तोड़े जाने की मांग भी परिजन ने की। सूचना पर थाना प्रभारी मनीष धाकड़, सीएसपी रत्नेश तोमर पहुंचे और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन के बाद परिजन ने चक्काजाम खोला।आरोपी करन, गौरव उर्फ हर्ष सक्सेना व भानू से पुलिस ने पूछताछ की। करन व गौरव को रिमांड पर लिया है। करन ने बताया कि उसने ग्रासलैंड चौकी के जंगल में शव को जलाने के दो दिन बाद वापस उसी स्थान की सफाई कर शव के अवशेषों को नदी में फेंकने का प्लान बनाया था। गोली गौरव ने पीछे से मारी थी।