Gwalior में कोरोना की सुगबुगाहट के साथ बढ़ी मास्क-सेनेटाइजर की मांग

ग्वालियर. देश में कोरोना के नए वेरिएंट बीएफ 7 की संभावित दस्तक को लेकर नगरीय प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए कोरोना संबंधित गाइडलाइन जारी कर दी हैं । इस गाइडलाइन के जारी होने के बाद से ही शहर के मेडिकल स्टाेर पर मास्क और सेनेटाइजर की मांग तेजी से बढ़ रही है। शहरवासी प्रमुखता से मास्क और सेनेटाइजर की खरीददारी कर इन्हें फिर से उपयोग में लाना शुरू कर रहे हैं। हालांकि प्रशासन अभी मास्क पर कोई चालानी कार्रवाई नहीं कर रहा है, सिर्फ सावधानियाें का पालन करने की अपील की गई है। लेकिन फिर भी शहरवासी स्वयं सावधानी बरतते हुए मास्क और सेनेटाइजर को उपयोग में लाना शुरू कर रहे हैं। ध्यान रहे, अभी शहर में कोरोना का कोई भी एक्टिव केस दर्ज नहीं किया गया है ।

कीमतों में परिवर्तन नही
सिटी सेंटर में मेडिकल स्टोर संचालक सचिन जैन ने बताया कि गाइडलाइन जारी होने से पहले मास्क-सेनेटाइजर की मांग न के बराबर थी। इसलिए वर्तमान में स्टोक में रखे मास्क-सेनेटाइजर काे ही पहले बेचा जा रहा है। इस लिए कीमतों में कोई परिवर्तन नहीं है, सभी सामान पुरानी कीमतों पर ही मिल रहा है। जिसमें सर्जिकल मास्क 5 रु. प्रति नग , एन95 मास्क 40रु. प्रति नग और सेनेटाइजर 25 रु. प्रति 100 एमएल में उपलब्ध है।