सिरोल में 20 बीघा जमीन का होगा आवंटन, एसडीएम ने भेजा प्रस्ताव

ग्वालियर. पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में बनने वाले संग्रहालय के लिए सिरोल में 20 बीघा जमीन का आवंटन होगा। ये जमीन शारदा बालग्राम से सटी हुई है और इसमें बड़ा भाग पहाड़ी का है। झांसी रोड एसडीएम सीबी प्रसाद ने इसका प्रस्ताव तैयार कर आगे बढ़ा दिया है। जानकारी के अनुसार गुरुवार तक ये प्रस्ताव एडीएम के पास पहुंचेगा और उसके दो-तीन दिन बाद जमीन का आवंटन कर दिया जाएगा। जमीन आवंटन के साथ ही संग्रहालय बनने का रास्ता साफ हो जाएगा और भोपाल से संस्कृति विभाग की टीम आकर आगे की कार्रवाई शुरू करेगी।

2020 के उपचुनाव में हुई थी घोषणा
2020 में हुए विधानसभा उपचुनाव की मुरार रामलीला मैदान में हुई एक जनसभा के केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने अटल संग्रहालय की बात उठाई थी। जिसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसी सभा में घोषणा की कि उपयुक्त जमीन तलाशी जाए। हम वृहद संग्रहालय बनाएंगे। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भोपाल से विभिन्न विभागों के अधिकारियों की टीम ने ग्वालियर में दौरा किया और जिला प्रशासन द्वारा चिन्हित की गई 6 जमीनों को देखा। टीम ने इनमें से रमौआ और सिरोल पहाड़ी की जमीन में रूचि दिखाई। बाद में सिरोल पहाड़ी की 20 बीघा जमीन को संग्रहालय के लिए सबसे सही माना गया। संस्कृति मंत्रालय ने बीते दिनों जिला प्रशासन के पास सिरोल की इस जमीन के लिए प्रस्ताव दिया था। जिसके बाद झांसी रोड एसडीएम सीबी प्रसाद ने आवंटन प्रस्ताव तैयार कर एडीएम एचबी शर्मा के लिए तैयार कर प्रस्तुत कर दिया है। संभावना इस बात की जताई जा रही है कि इस महीने के अंत तक जमीन का आवंटन हो जाएगा