यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, अब ग्वालियर से मुरैना तक अब दौड़ेंगी ट्रेनें
ग्वालियर. झांसी से ग्वालियर होकर धौलपुर तक बन रही 165 किमी की तीसरी रेलवे लाइन का काम जारी है। इसमें ग्वालियर से बानमोर तक रेलवे ट्रैक अप्रेल में शुरू हो गया है। अब बानमोर से मुरैना तक तीसरी रेल लाइन का काम भी जनवरी में पूरा हो जाएगा। इस ट्रैक पर भी ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। इसके शुरू होने से ग्वालियर से मुरैना तक 38 किलोमीटर ट्रैक पर तीसरी लाइन पर ट्रेनें चलने लगेंगी। इससे पहले डबरा-आंतरी के बीच लगभग 20 किलोमीटर तक तीसरी लाइन का काम पूरा हो गया है। इस ट्रैक से ट्रेनें निकलने लगी हैं। तीसरी लाइन का काम 2023 दिसंबर तक पूरा होना है। अभी ग्वालियर से बानमोर तक तीसरी लाइन पर मालगाड़ी और पैसेंजर ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। अब यह बढ़कर ग्वालियर से मुरैना के बीच हो जाएगा।
सांक और आसन नदी पर बने ब्रिज
बानमोर से सांक और सांक से मुरैना के बीच दो नये ब्रिज बनाए हैं। दोनों ब्रिज पर रेलवे के अधिकारी ट्रायल कर चुके हैं। ट्रायल सफल रही है। संभवत जनवरी में यह 38 किलोमीटर का ट्रैक शुरू हो जाएगा।
सांक स्टेशन की बिल्डिंग टूटेगी
सांक स्टेशन पर की बिल्डिंग को तोड़कर उस स्थान पर तीसरी लाइन बिछाई जाएगी, इसके लिए तैयारी चल रही है। दो-चार दिन में स्टेशन की बिल्डिंग को तोड़ने का काम शुरू हो जाएगा। मनोज कुमार सिंह, पीआरओ झांसी मंडल का कहना है कि बानमोर से मुरैना तक तीसरी लाइन का काम जनवरी में पूरा हो जाएगा। इसके बाद ग्वालियर से मुरैना तक 38 किलोमीटर तीसरी लाइन ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। इससे ट्रेनों को निकलने में आसानी होगी।