रेलवे और पीडब्ल्यूडी का काम लगभग पूरा, तानसेन आरओबी के बनने से मिलेंगी ये सुविधाऐं

ग्वालियर. शहर को पिछले 3 वर्षों में कई आरओबी मिल चुके हैं। इसी के तहत अब अगले महीने से तानसेन आरओबी से लोग निकल सकेंगे। तानसेन रोड को रेसकोर्स रोड से जोड़ने वाले इस आरओबी का काम अब खत्म हो चला है। आरओबी पर रेलवे और पीडब्ल्यूडी का अंतिम चरण का फिनिशिंग का काम इस समय चल रहा है। दोनों ही विभाग ने अपना अपना काम कर लिया है। अब आरओबी को जोडऩे के लिए ज्वॉइंट का काम होते ही पीडब्ल्यूडी अपनी दोनों तरफ की सडक़ बनाने का बाकी काम को पूरा कर लेगा। तानसेन आरओबी पर लगभग 36 करोड़ की लागत आई है। तानसेन आरओबी का काम मई 2020 में पूरा होना था, लेकिन कोरोना के चलते सबसे ज्यादा काम प्रभावित हुआ। इसके साथ ही टेंडर में देरी और कई तरह की एनओसी और अभी बारिश के चलते लगभग ढाई वर्ष तक ज्यादा समय लग चुका है।

दो पहिया वाहन निकलना हुए शुरू
अभी हाल ही में आरओबी के नीचे से रास्ता खोल दिया है। जिससे तानसेन रोड से रेसकोर्स रोड तक का लगभग तीन किलो मीटर का रास्ता अब पांच से दस मिनट में पूरा होने लग है। वहीं आरओबी बनने से सभी वाहन आसानी से निकलना शुरू हो जाएंगे। इसके शुरू होने से शहर को काफी फायदा हो जाएगा।

एप्रोच रोड के लिए तुड़ाई
मेला रोड पर एलएनआइपीई के सामने वाली सडक़ पर इन दिनों एप्रोच रोड का काम तेजी से चल रहा है। इसके लिए कृषि महाविद्यालय की बाउंड्री को तोड़कर वहां तक आरओबी की रोड के लिए चौड़ीकरण किया जा रहा है। एक सप्ताह में यहां पर इस मार्ग से एप्रोच रोड को जोड़ दिया जाएगा।