विश्वविद्यालय पुलिस ने सिल्वर स्टेट के फ्लैट में डॉक्टर पर कट्टे से फायर करने वाले एक आरोपी गिरफ्तार


ग्वालियर। रात्रि में दो बदमाशों द्वारा 01नवम्बर को सिल्वर स्टेट के एक फ्लैट में घुसकर कट्टे से फायर कर फरियादी राजेश गुप्ता को घायल करने की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अमित सांघी द्वारा थाना विश्वविद्यालय पुलिस की टीम बनाकर उक्त घटना के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु कहा गया। अति. पुलिस अधीक्षक शहर (दक्षिण) मोती उर रहमान, द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम को आदतन अपराधियों की भी तस्दीक करने हेतु पुलिस टीम को निर्देश दिये।
सीएसपी विश्वविद्यालय रत्नेश तोमर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विश्वविद्यालय मनीष धाकड़ के द्वारा विश्वविद्यालय पुलिस की टीम को उक्त घटना के आरोपियों की पतारसी हेतु लगाया गया। दौराने विवेचना व तकनीकी साक्ष्य के आधार पर ज्ञात हुआ कि उक्त घटना दिनांक को रामनगर मुरैना का रहने वाला एक व्यक्ति सिल्वर स्टेट के पास 2 अन्य लोगों के साथ देखा गया था। उक्त सूचना पर पुलिस टीम द्वारा संदेह के आधार पर रामनगर मुरैना से उक्त संदेही को पकड़ लिया गया। पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये संदेही से ही गई पूछताछ में उसने बताया कि अपने सगे मामा व चचेरे मामा के लड़के के साथ लूट करने के उद्देश्य से सिल्वर स्टेट, गोविन्दपुरी ग्वालियर स्थित फरियादी फ्लेट में गये थे। लेकिन फरियादी के हम लोगों से उलझने की बजह से मेरे मामा के लड़के ने कट्टे से फायर कर दिया और गोली की आवाज सुनकर लोगों के आ जाने से तीनों मौके से भाग निकले। पुलिस द्वारा की गई विस्तृत पूछताछ में पकड़े गये आरोपी ने बताया कि मेरे मामा का लड़का एक साल पहले सिल्वर स्टेट में गार्ड की नौकरी कर चुका है। इसलिए उसके सिल्वर स्टेट में रहने वालों के संबंध में जानकारी थी। उसने ही मुझे बताया था कि सिल्वर स्टेट के फ्लैट नं. 803 में रहने वाले डॉक्टर साहब के पास काफी पैसा है। हम तीनों को पैसों की जरूरत थी इसलिए हम तीनों ने डॉक्टर के घर लूट करने की योजना बनाई थी। पकड़े गये आरोपी से उसके फरार साथियों व घटना में प्रयुक्त कट्टे के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है तथा इनके पूर्व के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी ली जा रही है।
ज्ञात हो कि 01 नवम्बर को रात्रि में फरियादी राजेश गुप्ता को सिल्वर स्टेट, गोविन्दपुरी ग्वालियर स्थित उनके फ्लेट पर आकर 2 लड़कों द्वारा मारने की नियत से कट्टे से फायर कर दिया था, जिसमें गोली उनके बांये हाथ की अंगुली में लगी थी। इसी बीच गोली की आवाज सुनकर उनकी पत्नि डॉ. सपना गुप्ता भी बाहर आ गई। इसी बीच दोनों लड़के धक्का देकर भाग गये।